लाहौल-स्पीति में आफत बनी बारिश, जाहलमा नाले में पुल बहने से संपर्क टूटा, मरीज को जेसीबी से कराया गया पार

लाहौल-स्पीति में आफत बनी बारिश, जाहलमा नाले में पुल बहने से संपर्क टूटा, मरीज को जेसीबी से कराया गया पार

Rain wreaks havoc in Lahaul-Spiti

Rain wreaks havoc in Lahaul-Spiti

मनाली। Rain wreaks havoc in Lahaul-Spiti, हिमाचल प्रदेश में लाहुल स्पीति के जाहलमा नाले में अस्थायी पुल बह जाने से लोगों की मुश्किलें बढ़ी हुई हैं। उदयपुर क्षेत्र सहित पांगी घाटी का संपर्क पूरी तरह से कट गया है। दिक्कत तब और बढ़ गई, जब एक मरीज को बड़े अस्पताल के लिए रेफर किया गया। उदयपुर उपमंडल के शेनुर गांव से रेफर मरीज को लेकर बुधवार शाम को जब एंबुलेंस जाहलमा नाले के पास पहुंची तो नाला उफान पर था।

बकेट में बैठाया मरीज

बाढ़ के कारण पुलिया भी क्षतिग्रस्त हो गई थी। हालात को देखते हुए भी बीआरओ व पुलिस जवानों ने मरीज को स्ट्रेचर में उठाकर जेसीबी मशीन के बकेट में बिठाया और ऑपरेटर ने मूविंग कर नाला पार करवाया। नाला पार करने के बाद परिवार के सदस्यों ने मरीज को जिला अस्पताल केलंग पहुंचाया। केलंग में उपचार मिलने के बाद मरीज की हालत स्थिर है।

बीआरओ ने फिर बनाई अस्थायी पुलिया

बीआरओ ने हालांकि आज सुबह इस नाले में फिलहाल अस्थायी पुलिया बनाकर ट्रैफिक सुचारू कर दिया है, लेकिन नाले में हर रोज आ रही बाढ़ ने उदयपुर उपमंडल सहित समस्त पांगी घाटी के लोगों की दिक्कत बढ़ा दी है।

मई में क्षतिग्रस्त पुल की जगह हो रहा नया निर्माण

गौर हो कि मई महीने में हुए भारी भूस्खलन से जाहलमा पुल क्षतिग्रस्त हो गया था। बीआरओ इस नाले में नए पुल का निर्माण कर रहा है। जब तक निर्माण नहीं होता तब तक लोगों को मुश्किल का सामना करना पड़ेगा।

क्या कहना है विधायक का

लाहुल स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने बताया कि इस महीने के आखिर में नया पुल बनकर तैयार हो जाएगा। लोगों की सुविधा के लिए कार्य तेजी से चलाया हुआ है।