हरियाणा में अगला मुख्य सचिव कौन? ब्यूरोक्रेसी में तेज हुई चर्चाएं
- By Gaurav --
- Friday, 29 May, 2026
Race for Haryana Chief
हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी का मौजूदा कार्यकाल 30 जून 2026 को समाप्त हो रहा है। एक वर्ष का सेवा विस्तार पाने के बाद अब उनके भविष्य को लेकर प्रशासनिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। सूत्रों के अनुसार रस्तोगी को छह महीने का और एक्सटेंशन मिलने की संभावना जताई जा रही है। यदि ऐसा होता है तो मुख्य सचिव बनने की उम्मीद लगाए बैठे कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को इंतजार करना पड़ सकता है।
हरियाणा कैडर में वरिष्ठता, वर्तमान जिम्मेदारियों, मुख्यमंत्री कार्यालय के भरोसे और केंद्र-राज्य समन्वय को देखते हुए कई नाम चर्चा में हैं। इनमें सबसे प्रमुख नाम 1990 बैच के आईएएस अधिकारी एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) सुधीर राजपाल का माना जा रहा है। उनकी सेवानिवृत्ति नवंबर 2026 में है। वहीं 1990 बैच की ही वित्तायुक्त एवं प्रधान सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा भी मजबूत दावेदारों में शामिल हैं। प्रशासनिक जिम्मेदारियों में उन्हें मुख्य सचिव के बाद दूसरा सबसे महत्वपूर्ण अधिकारी माना जाता है।
1991 बैच के विनीत गर्ग भी दावेदारों में शामिल हैं, हालांकि बैंक घोटाले से जुड़े विवादों के कारण उनका दावा कमजोर माना जा रहा है। इसी बैच के अनिल मलिक वर्तमान में केंद्र सरकार में सचिव पद पर कार्यरत हैं और उनके हरियाणा लौटने की संभावना कम बताई जा रही है। अपूर्व कुमार सिंह भी संभावित दावेदारों में शामिल हैं।
इसके अलावा 1993 बैच के अरुण गुप्ता और वी. उमाशंकर के नाम भी चर्चाओं में हैं। अरुण गुप्ता फिलहाल मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव हैं, लेकिन उनकी सेवानिवृत्ति इसी वर्ष होने वाली है। वहीं वी. उमाशंकर केंद्र सरकार में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय में सचिव पद संभाल रहे हैं। उनकी सेवानिवृत्ति जून 2028 में है, लेकिन फिलहाल उनके हरियाणा लौटने की संभावना कम मानी जा रही है।
उधर, वर्ष 2026 हरियाणा प्रशासनिक सेवा के लिए बड़े बदलावों का साल साबित हो सकता है। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी समेत करीब 10 वरिष्ठ आईएएस अधिकारी इस वर्ष सेवानिवृत्त होने जा रहे हैं। इनमें सुधीर राजपाल, राजा शेखर कुंडरू, अरुण कुमार गुप्ता, अभिलक्ष लिखी और डी. सुरेश जैसे वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। ऐसे में आने वाले महीनों में हरियाणा ब्यूरोक्रेसी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिल सकता है।