पंजाबी गायक मनकीरत औलख को गैंगस्टर लक्की पटियाल की धमकी, वायरल ऑडियो से मचा हड़कंप
- By Gaurav --
- Tuesday, 24 Mar, 2026
Punjabi Singer Mankirt Aulakh Receives
मशहूर पंजाबी गायक मनकीरत औलख को जान से मारने की धमकी मिलने की खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार बंबीहा गैंग से जुड़े गैंगस्टर लक्की पटियाल की एक कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें वह गायक को निशाना बनाने की बात करता सुनाई दे रहा है।
वायरल ऑडियो में गैंगस्टर यह दावा करता हुआ सुनाई देता है कि चंडीगढ़ के सेक्टर-9 में हुए कत्ल के बाद कुछ लोगों में हलचल मची हुई है और अब अगला निशाना मनकीरत औलख हो सकते हैं। ऑडियो में यह भी कहा गया है कि सुरक्षा बढ़ाने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा और गायक चाहे जितने गनमैन रख लें।
गैंगस्टर ने ऑडियो में यह भी दावा किया कि गायक मोहाली में रहते हैं और विदेश में होने की बातें सोशल मीडिया पर पोस्ट करते रहते हैं। हालांकि इस ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
गौरतलब है कि हाल ही में 18 मार्च को चंडीगढ़ के सेक्टर-9 में एक प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हमलावरों ने उस पर करीब 12 गोलियां चलाई थीं। इस वारदात की जिम्मेदारी गैंगस्टर लक्की पटियाल ने सोशल मीडिया के जरिए ली थी। उसने आरोप लगाया था कि मृतक उनके विरोधियों को जानकारी मुहैया करा रहा था और उसे पहले चेतावनी भी दी गई थी।
फिलहाल इस मामले के सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी मनकीरत औलख को दो बार जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं।