''फर्जी वीडियो फैलाकर मुझे बदनाम किया जा रहा...'' LIVE आकर सीएम भगवंत मान ने 2 रिपोर्ट दिखाईं, DGP से छानबीन को कहा
Punjab CM Bhagwant Mann LIVE Over Video Controversy
CM Bhagwant Mann Video Controversy: पंजाब में इस वक्त एक विवादित वीडियो को लेकर मामला बेहद गरमाया हुआ है। इस वीडियो में सीएम भगवंत मान के होने का दावा किया जा रहा है। वीडियो के सामने आने के बाद श्री अकाल तख्त साहिब ने भगवंत मान को गुरु दोषी और पंथ विरोधी करार दे दिया है। जबकि दूसरी ओर सीएम मान ने सफाई दी है कि वह इस वीडियो में नहीं हैं। जो शख्स वीडियो में नजर आ रहा है वह कोई और है। भगवंत मान का कहना है कि उन्हें बदनाम करने के लिए फर्जी वीडियो फैलाई जा रही है। वहीं इस वीडियो को लेकर सीएम मान एक बार फिर सोशल मीडिया पर सामने आए हैं।
उन्होंने LIVE आकर कहा ''मैं लगातार पंजाब और पंथ के मान-सम्मान के लिए काम कर रहा हूं। पंजाब सीएम बनने के बाद मैंने सिख पंथ और गुरुओं की सेवा में ऐसे कई फैसले लिए जो पहले कभी नहीं लिए गए। लेकिन आज मैं हैरान इसलिए हूं की मेरा एक फर्जी वीडियो फैलाकर साजिश के तहत मुझे बदनाम किया जा रहा है। सियासत की आड़ में धर्म के कुछ ठेकेदार बने बैठे कुछ लोग मुझे उस वीडियो के लिए पंथ विरोधी करार दे रहे हैं। वीडियो को फैलाकर लोगों से कहा जा रहा है कि भगवंत मान को मुंह न लगाया जाये। यह एक राजनीतिक प्रोपेगेंडा है।''
सीएम मान ने 2 फॉरेंसिक रिपोर्ट दिखाईं
सीएम मान ने इस दौरान वीडियो जांच के संबंध में 2 फॉरेंसिक रिपोर्ट दिखाईं और कहा, ''ये पंजाब की किसी लैब की नहीं हैं बल्कि पंजाब के बाहर की लैब की हैं। वीडियो के कुल 1191 फ्रेम का तकनीकी विश्लेषण किया गया। एक भी फ्रेम मेरे चेहरे की साइड से, फ्रंट से, बैक साइड से या किसी भी तरह से मेल नहीं खाता। मेरा कद उससे नहीं मिलता। जिससे साफ पता चलता है कि खासतौर से मेरी फेक वीडियो बनवाई गई। इस मंशा के साथ की भगवंत मान को बदनाम कर सकेंगे। वीडियो में जो दिखाया गया है, मैं तो ऐसा करने के बारे में सपने में भी कभी सोच नहीं सकता।''
मेरे किए गए काम कुछ लोगों को खल रहे
सीएम मान ने कहा, ''मुझे फंसाया जा रहा है। क्योंकि मेरे द्वारा पंजाब के लिए और पंजाब के लोगों के लिए जा रहे कामों से कुछ लोगों को दिक्कत हो रही है। लोगों के बीच भगवंत मान की बढ़ती लोकप्रियता कुछ लोगों को खल रही है। जिसके चलते ये साजिश रची गई है।'' सीएम मान ने कहा, ''जब मुझे इस वीडियो के संबंध में अकाल तख्त बुलाया गया था तो मैंने कहा था कि होटल के कमरे में गुरुओं की फोटो भला कौन लगाता है और दूसरी बात की अगर यह वीडियो एआई से नहीं भी है तो आप यह कैसे मान सकते हो इसमें मैं हूं जबकि मैं इस वीडियो में नहीं हूं।''
CM मान ने DGP से छानबीन और कार्रवाई करने को कहा
अब इस पूरे मामले में पंजाब पुलिस के DGP को छानबीन सौंपी गई है। सीएम भगवंत मान ने कहा, ''मैंने इन दोनों रिपोर्ट के आधार पर DGP से कहा है कि जिस बंदे ने ये करतूत की है। किसने वीडियो शूट करवाई है, कब करवाई है और कहां करवाई है, किसने पैसे दिए? वो दुनिया के किसी भी कोने में हो। उस शख्त को पकड़ो और संगत के सामने खड़ा करो। इसके बाद संगत आप फैसला करेगी। सीएम मान ने कहा कि मेरा दिल पंजाब और पंजाब के लोगों के लिए ही धकड़ रहा है। मैं पंजाब के काम आने के लिए किसी भी वक्त तैयार हूँ।
ਅਹਿਮ ਮੁੱਦੇ 'ਤੇ ਚੰਡੀਗੜ੍ਹ ਤੋਂ LIVE ------ अहम मुद्दे पर चंडीगढ़ से LIVE https://t.co/jL9s5QbF0v
AAP मंत्री DGP गौरव यादव से मिले
मुख्यमंत्री भगवंत मान के वीडियो मामले में आज गुरुवार को वित्त मंत्री हरपील चीमा और अमन अरोड़ा की अगुवाई में सरकार के मंत्रियों और आम आदमी पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने DGP गौरव यादव से चंडीगढ़ में मुलाकात की। वीडियो की फारेंसिंक रिपोर्ट आने के बाद इसके संबंध में DGP से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की गई। चीमा और अमन अरोड़ा ने डीजीपी से कहा कि मुख्यमंत्री मान की फर्जी वीडियो बनाने और फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
वीडियो पर मंत्री हरपाल चीमा का बयान
पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने कहा कि फॉरेंसिक रिपोर्ट के अनुसार वायरल वीडियो में दिख रहा व्यक्ति मुख्यमंत्री भगवंत मान नहीं हैं। जांच के दौरान वीडियो के कुल 1191 फ्रेम का तकनीकी विश्लेषण किया गया। जांच में चेहरे, कद और शारीरिक बनावट में स्पष्ट अंतर पाया गया। वीडियो में दिख रहे व्यक्ति की लंबाई करीब 5 फुट 10 इंच आंकी गई। जबकि मुख्यमंत्री भगवंत मान की लंबाई 5 फुट 8 इंच है जिस में दोनों के बीच स्पष्ट अंतर मिला। साइड और बैक प्रोफाइल भी मुख्यमंत्री भगवंत मान से मेल नहीं खाती। शरीर की बनावट, कंधों और पोश्चर में भी बड़ा अंतर मिला। दोनों फॉरेंसिक रिपोर्ट में पहचान का मेल नहीं मिला है।