लुधियाना रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा; अचानक ट्रेन का कोच टूटा, फर्श टूटकर ट्रैक पर आ गिरी, मौके पर मची अफरा-तफरी, वीडियो

Train Coach Broken at Ludhiana Railway Station Accident Video

Train Coach Broken at Ludhiana Railway Station Accident Video

Ludhiana Train Coach Broken: पंजाब के लुधियाना रेलवे स्टेशन से एक बड़ा हादसा सामने आया है। यहां अचानक एक ट्रेन का कोच टूट गया. कोच के टॉयलेट वाले हिस्से की तरफ की फर्श टूटकर ट्रैक पर गिर गई। कोच का ये हिस्सा बाकी के हिस्से से पूरी तरह से कट गया। गनीमत यह रही कि हादसे के दौरान कोई इस हिस्से में मौजूद नहीं था। वरना हादसा भयावह हो सकता था। इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और हड़कंप की स्थिति देखी गई। रेलवे अधिकारी आनन-फानन में मौके पर पहुंचे।

दिल्ली-कटरा वैष्णो देवी ट्रेन थी

मिली जानकारी के अनुसार, यह दिल्ली-कटरा वैष्णो देवी ट्रेन थी। हादसा उस दौरान हुआ, जब ट्रेन स्टेशन से चलनी शुरू हुई। जैसे ही ट्रेन स्टेशन से चलने लगी तो एक कोच अचानक से टूट गया और ऐसा होने से ट्रेन के बाकी डिब्बे भी प्रभावित हुए। बताया जाता है कि ट्रेन का जो डिब्बा टूटा है उसके पीछे कई और डिब्बे लगे हुए थे जिनमें सैकड़ों यात्री सवार थे। ट्रेन स्टेशन पर ही थी जिस कारण बड़ा हादसा टल गया। अगर ट्रेन तेज रफ्तार में होती और तब यह हादसा होता तो जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता था। यह हादसा बेहद हैरान करने वाला है।

लोग बोले- रेलवे की बड़ी लापरवाही

बताया जा रहा है कि ट्रेन के जिस कोच का हिस्सा टूटा है वो बेहद जर्जर और खोखला हो चुका था। लेकिन रेलवे ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। जिस कारण से यह हादसा हुआ। लोगों ने नाराजागी जताते हुए कहा कि यह हादसा रेलवे की एक बड़ी लापरवाही है, जिससे आज कई लोगों की जान जा सकती थी। लोगों ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मांग की है कि ट्रेनों की स्थिति सुधारी जाए और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। लोगों ने कहा कि एक्सप्रेस और मेल ट्रेनों की स्थिति दिन प्रतिदिन बद से बदतर होती जा रही है।