कई अंगों के फेल होने से राजवीर जवंदा की मौत; फोर्टिस अस्पताल ने जारी किया ऑफिशियल बयान, सुबह इस समय पर ली आखिरी सांस

Rajvir Jawanda Organs Failure Death In Fortis Hospital Mohali
Rajvir Jawanda Organs Failure: पंजाब के मशहूर सिंगर राजवीर जवंदा (35 साल) अब हमारे बीच नहीं रहे। आज बुधवार सुबह उनका निधन हो गया। राजवीर जवंदा पिछले लगभग 12 दिनों से लाइफ सपोर्ट सिस्टम (वेंटिलेटर) पर थे। उनकी हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी। डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उन्हें (Punjabi Singer Rajvir Jawanda) बचाने की हर संभव कोशिश की। मगर जवंदा की हालत बिगड़ती चली गई।
राजवीर जवंदा के निधन से उनके परिवार जनों के साथ पंजाबी इंडस्ट्री और उनके चाहने वालों में शोक की लहर दौड़ गई है। पंजाब का एक सुनक्खा गबरू जवान इस तरह से दुनिया को अलविदा कह देगा। ये किसी ने नहीं सोचा था। राजवीर जवंदा का जाना उनके फैंस के लिए बहुत बड़ा झटका है। आज पंजाब की एक और शानदार आवाज हमेशा के लिए खामोश हो गई। जवंदा को हमेशा याद किया जाएगा। जवंदा को उनके डाउन टू अर्थ और हंसमुख सरल व्यक्तित्व के लिए भी जाना जाता था। जवंदा किसी विवाद में नहीं पड़ते थे।
कई अंगों के फेल होने से राजवीर जवंदा की मौत
पंजाबी युवा सिंगर राजवीर जवंदा के निधन को लेकर मोहाली फोर्टिस अस्पताल ने भी ऑफिशियल बयान जारी कर दिया है। बताया गया है कि, कई अंगों के फेल होने (मल्टीपल ऑर्गन्स फेल्योर) से राजवीर जवंदा की मौत हुई है। बुधवार सुबह अचानक उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया। जिसके बाद उन्हें रिकवर करने की कोशिश की गई लेकिन हर कोशिश नाकाम रही और राजवीर जवंदा की सांसें हमेशा के लिए थम गईं।
फोर्टिस अस्पताल ने बयान जारी करते हुए कहा, ''पंजाबी गायक राजवीर जवंदा का 8 अक्टूबर, 2025 को सुबह 10:55 बजे फोर्टिस अस्पताल, मोहाली में निधन हो गया। उन्हें 27 सितंबर, 2025 को एक सड़क दुर्घटना के बाद अत्यंत गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिसमें रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट और मस्तिष्क क्षति हुई थी। व्यापक चिकित्सा सहायता और क्रिटिकल केयर एवं न्यूरोसर्जरी टीमों द्वारा निरंतर निगरानी के बावजूद, आज सुबह उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति हमारी गहरी संवेदना।''
CM भगवंत मान ने दुख जताया
राजवीर जवंदा के निधन पर पंजाब के सीएम भगवंत मान ने दुख व्यक्त किया है। सीएम मान ने कहा, ''प्रसिद्ध पंजाबी गायक राजवीर जवंदा की हिमाचल प्रदेश के बद्दी के पास हुए भयानक सड़क हादसे के बाद इलाज के दौरान हुई मौत की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। पंजाबी संगीत जगत का सितारा हमेशा के लिए अलोप हो गया। छोटी उम्र में अपने गीतों के ज़रिये लोगों के दिलों पर राज करने वाले राजवीर जवंदा की आवाज़ हमेशा गूंजती रहेगी। दिवगंत आत्मा को वाहिगुरु अपने चरणों में निवास दें और परिवार और प्रशंसकों को यह दुःख सहने का बल प्रदान करे।''
ਮਸ਼ਹੂਰ ਪੰਜਾਬੀ ਗਾਇਕ ਰਾਜਵੀਰ ਜਵੰਦਾ ਦੀ ਹਿਮਾਚਲ ਪ੍ਰਦੇਸ਼ ਦੇ ਬੱਦੀ ਨੇੜੇ ਵਾਪਰੇ ਭਿਆਨਕ ਸੜਕ ਹਾਦਸੇ ਤੋਂ ਬਾਅਦ ਇਲਾਜ ਦੌਰਾਨ ਹੋਈ ਮੌਤ ਦੀ ਖ਼ਬਰ ਸੁਣਕੇ ਬਹੁਤ ਦੁੱਖ ਹੋਇਆ। ਪੰਜਾਬੀ ਸੰਗੀਤ ਜਗਤ ਦਾ ਸਿਤਾਰਾ ਹਮੇਸ਼ਾ ਲਈ ਅਲੋਪ ਹੋ ਗਿਆ।
ਛੋਟੀ ਉਮਰ 'ਚ ਆਪਣੇ ਗੀਤਾਂ ਰਾਹੀਂ ਲੋਕਾਂ ਦੇ ਦਿਲਾਂ 'ਤੇ ਰਾਜ ਕਰਨ ਵਾਲੇ ਰਾਜਵੀਰ ਜਵੰਦਾ ਦੀ ਆਵਾਜ਼ ਸਦਾ… pic.twitter.com/y3X9kRI8Fx
हादसे से हार्ट पर भी पड़ा असर
राजवीर जवंदा को 27 सितंबर को फोर्टिस अस्पताल मोहाली रेफर किया गया था और यहां बेहद गंभीर हालत में उन्हें क्रिटकल केयर यूनिट में भर्ती किया गया। हादसे में उनके सिर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आईं थीं। हादसे की चपेट में आने से राजवीर जवंदा के हार्ट पर भी असर पड़ा, साथ ही अन्य कुछ अंग भी प्रभावित हुए. जवंदा के ब्रेन तक ब्लड और आक्सीजन की कमी हो रही थी। जिससे ब्रेन डेड होने लगा। राजवीर जवंदा के इलाज में फोर्टिस अस्पताल मोहाली के साथ PGI और अन्य एक्सपर्ट डॉक्टरों की भी मदद ली जाती रही।
बाइक राइड के दौरान हुआ हादसा
पंजाबी सिंगर राजवीर जवंदा 27 सितंबर सुबह उस वक्त भयंकर हादसे का शिकार हुए थे, जब वह हिमाचल में बाइक राइड पर निकले हुए थे। शिमला जाते हुए बद्दी में अचानक से एक बोलेरो के साथ उनकी बाइक की टक्कर हुई। हादसा इतना जबरदस्त और भीषण था कि राजवीर जवंदा का सिर सीधा इस हादसे की चपेट में आया और वह वहीं बेसुध हो गए। हादसे के बाद राजवीर जवंदा को पहले वहीं नजदीकी सिविल अस्पताल ले जाया गया था। लेकिन हालत बहुत गंभीर देखते हुए उन्हें तत्काल मोहाली फोर्टिस अस्पताल रेफर कर दिया गया था।