मशहूर पंजाबी सिंगर राजवीर जवंदा का निधन; बचाया नहीं जा सका, एक्सीडेंट के बाद लगातार वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे, दुआएं भी बेअसर रहीं

Singer Rajvir Jawanda Died After Bike Accident Breaking News
Singer Rajvir Jawanda Died: मशहूर युवा पंजाबी सिंगर राजवीर जवंदा का निधन हो गया है। हिमाचल में भयानक सड़क हादसे के बाद जवंदा की हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी और उन्हें मोहाली फोर्टिस अस्पताल में एडवांस वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। डॉक्टरों द्वारा जवंदा को बचाने की हर तरह की संभव कोशिश की गई। लेकिन अफसोस की उन्हें बचाया नहीं सका। आज पंजाब की एक और शानदार आवाज हमेशा के लिए खामोश हो गई। जवंदा को हमेशा याद किया जाएगा। जवंदा का व्यक्तित्व भी 'डाउन टू अर्थ' वाला रहा। इसलिए भी लोग उन्हें पसंद करते थे।
35 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कहा
राजवीर जवंदा की उम्र अभी 35 साल ही थी और इस कम उम्र में ही वह दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कह गए. वह लगभग 12 दिनों से वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे। इस बीच जवंदा को लेकर फोर्टिस अस्पताल की ओर से लगातार बुलेटिन जारी किया जाता रहा। जिसमें डॉक्टरों की तरफ से राजवीर जवंदा की हालत गंभीर बनी रहने की ही बात कही गई। डॉक्टरों ने यहां तक कह दिया था कि राजवीर जवंदा की हालत में कोई खास सुधार नहीं हो रहा है। इसलिए आगे की स्थिति को लेकर कुछ भी कह पाना मुश्किल और अनिश्चित बना हुआ है।
यानि राजवीर जवंदा का इलाज कर रहे फोर्टिस अस्पताल के डॉक्टर भी स्थिति को लेकर असमंजस में थे। लेकिन आज अस्पताल में ज़िंदगी और मौत के बीच कई दिनों तक जूझने के बाद आखिर राजवीर जवंदा ज़िंदगी की जंग हार गए। डॉक्टरों ने आधिकारिक तौर से उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि राजवीर जवंदा का अंतिम संस्कार लुधियाना में उनके पैतृक गांव में किया जाएगा। मोहाली फोर्टिस अस्पताल से उनका पार्थिव शरीर वहीं ले जाया जा रहा है। जवंदा के निधन से पूरे परिवार में मातम छा गया है और मां और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।
दुआएं भी बेअसर रहीं
राजवीर जवंदा को बचाने के लिए जहां दवाएं काम नहीं आईं तो वहीं दुआएं भी बेअसर रहीं। जवंदा के लिए पूरे पंजाब में दुआओं का दौर जारी था। जवंदा के परिवार समेत तमाम चाहने वाले और साथी-दोस्त उनके लिए लगातार दुआ और अरदास कर रहे थे। सभी भगवान से यही अरदास कर रहे थे कि राजवीर जवंदा की सेहत में सुधार हो जाये। इस बीच राजवीर जवंदा के कई साथी कलाकार और कई दिग्गज उनका हाल जानने अस्पताल भी पहुंचते रहे। सीएम भगवंत मान भी फोर्टिस अस्पताल पहुंचे थे और राजवीर जवंदा की हालत के बारे में जानकारी ली थी।
हादसे से हार्ट पर भी पड़ा असर
राजवीर जवंदा को 27 सितंबर को फोर्टिस अस्पताल मोहाली रेफर किया गया था और यहां बेहद गंभीर हालत में उन्हें क्रिटकल केयर यूनिट में भर्ती किया गया। हादसे में उनके सिर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आईं थीं। हादसे की चपेट में आने से राजवीर जवंदा के हार्ट पर भी असर पड़ा, साथ ही अन्य कुछ अंग भी प्रभावित हुए. जवंदा के ब्रेन तक ब्लड और आक्सीजन की कमी हो रही थी। जिससे ब्रेन डेड होने लगा। राजवीर जवंदा के इलाज में फोर्टिस अस्पताल मोहाली के साथ PGI और अन्य एक्सपर्ट डॉक्टरों की भी मदद ली जाती रही।
बाइक राइड के दौरान हुआ हादसा
पंजाबी सिंगर राजवीर जवंदा 27 सितंबर सुबह उस वक्त भयंकर हादसे का शिकार हुए थे, जब वह हिमाचल में बाइक राइड पर निकले हुए थे। शिमला जाते हुए बद्दी में अचानक से एक बोलेरो के साथ उनकी बाइक की टक्कर हुई। हादसा इतना जबरदस्त और भीषण था कि राजवीर जवंदा का सिर सीधा इस हादसे की चपेट में आया और वह वहीं बेसुध हो गए। हादसे के बाद राजवीर जवंदा को पहले वहीं नजदीकी सिविल अस्पताल ले जाया गया था। लेकिन हालत बहुत गंभीर देखते हुए उन्हें तत्काल मोहाली फोर्टिस अस्पताल रेफर कर दिया गया था।