पंजाब के किसानों के लिए हुआ ये बड़ा ऐलान; CM भगवंत मान के इस फैसले से मिलेगी राहत, फिर से खुशहाल हो सकेंगे अन्नदाता

Punjab Mann Govt Announces Big Relief For Farmers Hit By Flood
Punjab Farmers Relief: बाढ़ आपदा ने पंजाब का बहुत नुकसान किया है। किसान और आमजन बड़े पैमाने पर बाढ़ से प्रभावित हुए। फसलों से लहलहाती ज़मीनें जलमग्न होकर बर्बाद गईं। लोगों के अपने घर उजड़ गए। यानि एक तरह से इस त्रासदी ने लोगों की ज़िंदगी तबाह करके रख दी। फिलहाल अब लोगों की ज़िंदगी दोबारा पटरी पर लौट सके। इसके लिए भगवंत मान सरकार लगातार कई अहम कदम उठा रही है। अब सीएम भगवंत मान ने पंजाब के किसानों के लिए एक राहत भरा ऐलान किया है।
दरअसल, भीषण बाढ़ के कारण पंजाब के किसानों की करीब 5 लाख एकड़ फसल पूरी तरह नष्ट हो गई है। जहां ऐसे पीड़ित किसानों को अब मान सरकार ने गेहूं के आगामी सीजन के लिए 2 लाख क्विंटल गेहूं का बीज मुफ्त उपलब्ध करवाने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि यह मुफ्त बीज किसानों को राहत पहुंचाने की दिशा में सरकार का छोटा सा प्रयास है और राज्य सरकार हर स्तर पर उनके साथ खड़ी है। किसानों को खुशहाल बनाने के लिए सरकार की तरफ से हर संभव कदम उठाया जाएगा।
सीएम मान ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, ''प्राकृतिक आपदा के कारण पंजाब इस समय कठिन दौर से गुजर रहा है। बाढ़ की वजह से 5 लाख एकड़ फसल खराब हो चुकी है और किसान ऐसी स्थिति में नहीं हैं कि वे बीज खरीद सकें। इसी कारण सरकार ने 5 लाख एकड़ खेतों के लिए गेहूं का बीज मुफ़्त उपलब्ध करवाने का फ़ैसला लिया है, इस दौरान किसानों को 2 लाख क्विंटल बीज नि:शुल्क दिया जाएगा। हम सूबे के किसानों को दोबारा अपने पैरों पर खड़ा करने और उनके खेतों में नई ज़िंदगी बोने का एक छोटा सा प्रयास कर रहे हैं। इस कठिन घड़ी में हमारी सरकार किसानों के कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।''
सरकार करेगी 74 करोड़ खर्च
पंजाब आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता नील गर्ग ने कहा, ''मान सरकार किसानों की सच्ची हमदर्द सरकार है। बाढ़ ने जब अन्नदाता का सब कुछ छीन लिया है। 5 लाख एकड़ फसल तबाह हो गई है। 2300 गाँव प्रभावित हैं और 20 लाख से ज़्यादा लोग संकट में हैं। ऐसे समय में मान सरकार किसानों को 2 लाख क्विंटल गेहूं बीज मुफ्त देने जा रही है। इसके लिए सरकार 74 करोड़ खर्च करेगी। क्योंकि सीएम मान का कहना है कि ''अन्नदाता कभी अकेला नहीं होगा, पंजाब की आप सरकार उसकी ढाल है।''
बाढ़ से पंजाब के 2300 गांव प्रभावित हुए
सतलुज, ब्यास और रावी जैसी नदियों के उफान पर आने से पंजाब के गुरदासपुर, पठानकोट, कपूरथला, मोगा, तरनतारन, फाजिल्का, फिरोजपुर, अमृतसर और होशियारपुर समेत सभी 23 जिले भीषण बाढ़ की चपेट में आए थे और और इन जिलों के करीब 2300 गांव पूरी तरह से जलमग्न हो गए। वहीं पंजाब में बारिश और बाढ़ के कहर से 50 से ज्यादा लोगों की मौत हुई। साथ ही लोगों की निजी सम्पत्तियों के साथ सार्वजनिक और सरकारी सरंचनाओं को व्यापक नुकसान पहुंचा। यानि पंजाब को हजारों करोड़ का नुकसान हुआ है।