CM भगवंत मान ने कैबिनेट बैठक बुलाई; अस्पताल से ही अध्यक्षता करेंगे, VC के जरिये शामिल होंगे, कोई बड़ा फैसला संभव

CM Bhagwant Mann Punjab Cabinet Meeting Breaking News
Punjab Cabinet Meeting: पंजाब में बाढ़ के चलते बुरे हालात हैं। सरकार लगातार पीड़ितों तक मदद पहुंचा रही है। इस बीच सीएम भगवंत मान ने कैबिनेट की अहम बैठक भी बुला ली है। बताया जा रहा है कि, कल यानी सोमवार (8 सितंबर) दोपहर 12 बजे चंडीगढ़ स्थित सीएम आवास पर पंजाब कैबिनेट की बैठक रखी गई है। सीएम भगवंत मान मोहाली के फोर्टिस अस्पताल से ही बैठक में सीधा जुड़ेंगे और बैठक की अध्यक्षता करेंगे। वह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये बैठक में शामिल होंगे।
कैबिनेट बैठक में कोई बड़ा फैसला संभव
माना जा रहा है कि, बाढ़ आपदा और पीड़ितों को लेकर इस कैबिनेट बैठक में कोई बड़ा फैसला लिया जा सकता है। सीएम मान का कहना है कि, पंजाब की जनता की सेवा उनके लिए पहली प्राथमिकता है। यही कारण है कि तबीयत खराब होने के बावजूद भी सीएम मान पंजाब के कामकाज के लिए कैबिनेट बैठक करने जा रहे हैं। बता दें कि, इससे पहले 5 सितंबर को शाम 4 बजे कैबिनेट बैठक होनी थी लेकिन सीएम मान की तबीयत ज्यादा बिगड़ने के चलते यह बैठक रद्द करनी पड़ी थी.
CM भगवंत मान की तबीयत अब कैसी?
3 दिनों पहले अचानक ही भगवंत मान की तबीयत बिगड़ी। जिसके बाद सीएम आवास पर उनका इलाज किया जा रहा था। लेकिन कोई सुधार न होने और पल्स रेट काफी नीचे गिरने के बाद शुक्रवार रात 8 बजे के करीब उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल (Bhagwant Mann Fortis Hospital) में भर्ती कराया गया। फोर्टिस अस्पताल के मुताबिक, फिलहाल सीएम मान की हालत स्थिर है और पल्स रेट भी बेहतर है। उनकी सेहत में लगातार सुधार हो रहा है। जल्द ही उन्हें छुट्टी मिल सकती है।
बाढ़ आपदा में अब तक 46 लोगों की मौत
पंजाब में आफत की बारिश और बाढ़ ने ऐसा कोहराम मचा दिया है कि लोग बस अब त्राहिमाम-त्राहिमाम बोल रहे हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, पंजाब में बारिश और बाढ़ के कहर से अब तक 46 लोगों की मौत हो चुकी है। 1 अगस्त से 6 सितम्बर तक का यह आकंडा है। मौतों के मामले में अमृतसर सबसे ज्यादा प्रभावित है। यहां सबसे ज्यादा 7 मौतें दर्ज की गईं हैं। इसके अलावा अलग-अलग जिलों में 3.5 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। जबकि 22 हजार से ज्यादा लोगों को अब तक सुरक्षित बचाया गया है।
पानी में डूबे 23 जिलों के 2000 गांव
बता दें कि लगभग पूरा पंजाब ही भयावह बाढ़ का सामना कर रहा है। सतलुज, ब्यास और रावी जैसी नदियों के उफान पर आने से पंजाब के गुरदासपुर, पठानकोट, कपूरथला, मोगा, तरनतारन, फाजिल्का, फिरोजपुर, अमृतसर और होशियारपुर समेत सभी 23 जिले भीषण बाढ़ की चपेट में हैं और इन जिलों के करीब 2000 गांव पूरी तरह से जलमग्न हो रखे हैं। यानि पानी में डूबे हुए हैं। हालात इस कदर खराब हैं कि लोगों के घरों में पानी भर चुका है। कई परिवार और लोग जहां के तहां फंस गए हैं। उन्हें राशन-पानी और रहने के लिए जूझना पड़ रहा है। इस बीच पंजाब की भगवंत मान सरकार लागतर बाढ़ पीड़ित लोगों को हर संभव मदद पहुंचा रही है।
CM मान ने बाढ़ पीड़ितों के लिए अपनी सैलरी दी
सीएम भगवंत मान ने फ्लड रिलीफ़ फंड में अपनी एक महीने की सैलरी देने का भी फैसला किया है। सीएम के साथ-साथ आप के सभी मंत्री और विधायक भी अपनी एक महीने की सैलरी बाढ़ पीड़ितों के लिए देंगे। सीएम मान ने खुद इसकी जानकारी दी है। इससे पहले सीएम मान ने अपना सरकारी हेलीकाप्टर बाढ़ पीड़ितो के लिए छोड़ दिया था। जिससे बाढ़ पीड़ितों को सुरक्षित निकाला जा रहा है और उन तक राशन-पानी की व्यवस्था पहुंचाई जा रही है। सीएम मान ने कहा था कि, जब तक जहां भी जरूरत होगी, हेलीकाप्टर जनसेवा में रहेगा।
बाढ़ पीड़ितों के लिए मुआवजे का ऐलान
पंजाब में सीएम भगवंत मान ने बाढ़ पीड़ितों के लिए मुआवजे का ऐलान भी किया है। सीएम भगवंत मान ने पीड़ित लोगों को बाढ़ से हुए उनके नुकसान के लिए सरकार द्वारा भरपाई करने की बात कही है। सीएम मान का कहना है कि, जैसे ही बाढ़ का पानी घटेगा, वादे के मुताबिक लोगों के हर नुकसान की भरपाई ज़रूर करेंगे। लोगों के नुकसान के आकलन के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। पंजाब जल्द ही मुसीबत की स्थिति से उभर जाएगा। हमें हौंसला बनाए रखना होगा।
सीएम फ्लड रिलीफ अकाउंट जारी
पंजाब सरकार ने सीएम फ्लड रिलीफ अकाउंट जारी कर लोगों से स्वेच्छा अनुसार सहयोग करने की अपील की है। ताकि सभी बाढ़ पीड़ितों की ठीक ढंग से मदद की जा सके। सीएम मान ने अपील करते हुए कहा है, ''पंजाब हर मुश्किल घड़ी में हमेशा सबके साथ खड़ा रहा है। आज हम सभी को इस प्राकृतिक आपदा से जूझ रहे पंजाब के साथ खड़े होने की ज़रूरत है। आइए, एक-दूसरे का साथ दें। बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए चल रहे राहत कार्यों में अपना योगदान दें। समय मुश्किल ज़रूर है, लेकिन एक-दूसरे के सहयोग से यह समय भी बीत जाएगा।''