संजीव अरोड़ा बने पंजाब के नए कैबिनेट मंत्री; चंडीगढ़ में गवर्नर गुलाब चंद कटारिया ने दिलाई शपथ, मुख्यमंत्री भगवंत मान रहे मौजूद

Sanjeev Arora New Cabinet Minister Punjab Oath Ceremony Live
Sanjeev Arora New Minister: सीएम भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार में अब एक नए मंत्री की एंट्री हुई है। लुधियाना वेस्ट सीट से उपचुनाव जीतकर आए नवनिर्वाचित विधायक संजीव अरोड़ा को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। पंजाब गवर्नर गुलाब चंद कटारिया ने संजीव अरोड़ा को बतौर मंत्री पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। चंडीगढ़ स्थित पंजाब राजभवन में शपथ समारोह रखा गया था। इस दौरान सीएम भगवंत मान और अन्य मंत्रियों समेत आप के कई नेता भी मौजूद रहे।
ਅੱਜ ਲੁਧਿਆਣਾ ਪੱਛਮੀ ਤੋਂ ਵਿਧਾਇਕ @MP_SanjeevArora ਜੀ ਨੇ ਪੰਜਾਬ ਦੇ ਮੁੱਖ ਮੰਤਰੀ @BhagwantMann ਜੀ ਅਤੇ ਰਾਜਪਾਲ ਸ਼੍ਰੀ @Gulab_kataria ਜੀ ਦੀ ਮੌਜੂਦਗੀ ਵਿੱਚ ਪੰਜਾਬ ਕੈਬਨਿਟ ਵਿੱਚ ਮੰਤਰੀ ਵਜੋਂ ਸਹੁੰ ਚੁੱਕ ਕੇ ਆਪਣੀ ਨਵੀਂ ਜ਼ਿੰਮੇਵਾਰੀ ਸੰਭਾਲੀ। pic.twitter.com/kZsIhQgPSd
CM मान ने केजरीवाल का वादा पूरा किया
संजीव अरोड़ा को कैबिनेट मंत्री बनाकर सीएम भगवंत मान ने AAP सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल का वादा पूरा किया है। दरअसल, लुधियाना वेस्ट उपचुनाव प्रचार के दौरान AAP सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने लोगों से वादा किया था कि अगर संजीव अरोड़ा जीतकर आते हैं तो उन्हें पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाया जाएगा। इसलिए जब पंजाब कैबिनेट विस्तार की खबर आई तो यह तय माना जा रहा था कि संजीव अरोड़ा ही मंत्री बनने जा रहे हैं। वहीं आज शपथ समारोह में अरोड़ा अपने परिवार के साथ राजभवन पहुंचे हुए थे।
राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया
लुधियाना वेस्ट से विधायक निर्वाचित होने से पहले संजीव अरोड़ा राज्यसभा सांसद थे। लेकिन उपचुनाव जीतने के बाद उन्होंने राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। संजीव अरोड़ा ने अपना इस्तीफा राज्यसभा सभापति और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को सौंपा। जिसके बाद अरोड़ा का इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया। अरोड़ा पंजाब में आम आदमी पार्टी एक वरिष्ठ नेता हैं और AAP सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के काफी करीबी भी माने जाते हैं। अरोड़ा के मंत्री बनने के पीछे ये भी एक अहम कारण है।
पंजाब के नए मंत्री संजीव अरोड़ा को मिले ये विभाग
पंजाब के नए मंत्री संजीव अरोड़ा को उनके विभाग दे दिए गए हैं। सीएम भगवंत मान ने अरोड़ा को विभाग दिए जाने की जानकारी दी। सीएम मान ने कहा, संजीव अरोड़ा को Industry & Commerce, Investment Promotion, NRI Affairs विभागों की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने कहा, मुझे उम्मीद है कि संजीव अरोड़ा पंजाब के लोगों की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे। पंजाब के विकास और राज्य के 3 करोड़ लोगों की भलाई के लिए पूरी ईमानदारी से और बिना किसी भेदभाव के काम करेंगे।
पंजाब सरकार में अब मुख्यमंत्री समेत 16 मंत्री
पंजाब कैबिनेट में जहां पहले मुख्यमंत्री समेत मंत्रियों की संख्या 16 थी तो वहीं अब संजीव अरोड़ा के मंत्री बनने के बाद भी पंजाब सरकार में मुख्यमंत्री समेत 16 मंत्री ही रहेंगे। कुलदीप धालीवाल के इस्तीफा देने के चलते यह संख्या 16 हुई है। अगर धालीवाल का इस्तीफा न होता तो पंजाब कैबिनेट में सीएम समेत 17 मंत्री हो जाते। ज्ञात रहे कि पंजाब सरकार के मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री सहित अधिकतम 18 मंत्री ही रह सकते हैं।
गौरतकब है कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद मार्च 2022 मे भगवंत मान के साथ 10 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली थी। इसके बाद समय-समय पर मंत्रियों के इस्तीफे के साथ नए मंत्रियों के सरकार में शामिल होने का सिलसिला चलता रहा। करीब साढ़े 3 साल की आप सरकार में सातवीं बार यह शपथ ग्रहण समारोह हुआ है।