Bageshwar Dham: बागेश्वर धाम में बड़ा हादसा; टीन शेड गिरने से एक श्रद्धालु की मौत, इतने लोग हुए घायल, अफरा-तफरी में अस्पताल ले जाए गए

बागेश्वर धाम में बड़ा हादसा; टेंट शेड गिरने से एक श्रद्धालु की मौत, इतने लोग हुए घायल, धीरेंद्र शास्त्री ने सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम रोके

Bageshwar Dham Tin Shed Collapsed Accident News Update

Bageshwar Dham Tin Shed Collapsed Accident News Update

Bageshwar Dham News: बागेश्वर धाम में एक बड़ा हादसा हुआ है। यहां अचानक टेंट शेड गिरने से एक श्रद्धालु की मौत हो गई। जबकि इस हादसे में करीब पांच लोग घायल बताए जा रहे हैं। जिन्हें अफरा-तफरी के बीच इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। सभी घायलों का इलाज जारी है। हादसे की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची। वहीं इस हादसे पर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने दुख व्यक्त किया है।

बारिश के चलते टेंट शेड के नीचे मौजूद थे श्रद्धालु

बताया जा रहा है कि, आज वीरवार धाम पर बालाजी के दर्शन करने आए लोग सुबह से हो रही बारिश के कारण टेंट शेड के नीचे खड़े हुए थे। लेकिन इसी बीच भारी बारिश के चलते टेंट शेड अचानक गिर गया। टेंट शेड के अचानक गिरने से लोग मलबे की चपेट में आ गए। जिससे हड़कंप मच गया और मौके पर भगदड़ की स्थिति बन गई। वहीं इस दुखद हादसे में अयोध्या के 1 श्रद्धालु की जान चली गई जबकि करीब पांच लोग घायल हो गए।

धीरेंद्र शास्त्री ने सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम रोके

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए आज से 2 दिनों के लिए धाम पर गाने-बजाने वाले सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम रोक दिए हैं। धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि, धाम पर टीन शेड के गिरने की गलत खबर मीडिया में चलाई गई। जबकि टीन शेड नहीं टेंट गिरा है। इस हादसे से मुझे दुख पहुंचा है। इसलिए धाम पर आज और कल के गाने-बजाने वाले सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं। भक्ति उत्साह में कोई शोर न किया जाये।

मध्य प्रदेश में है बागेश्वर धाम

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में स्थित बागेश्वर धाम बालाजी का धाम है। पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री इस धाम के पीठाधीश्वर हैं। जिसके चलते धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री को बागेश्वर धाम वाले बाबा, बागेश्वर बाबा, बागेश्वर महाराज और बागेश्वर सरकार इत्यादि नामों से जाना जाता है। धीरेंद्र शास्त्री के मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में लाखों अनुयायी हैं। यहां तक विदेशों में भी उनके अनुयायी हैं। धीरेंद्र शास्त्री की लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि बड़े से बड़े नेता भी उनके सामने सिर झुकाते हैं।

धीरेंद्र शास्त्री की झलक पाने के लिए उमड़ पड़ता है जनसैलाब

बागेश्वर सरकार और बागेश्वर बाबा के नाम से मशहूर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की पूरे देश और विदेश में चर्चा जोरों पर रहती है। धीरेंद्र शास्त्री जहां चल पड़ते हैं और जहां बैठ जाते हैं तो वहां लाखों लोगों की भीड़ इकट्ठा हो जाती है। उनकी झलक पाने के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ता है। इसीलिए जहां भी धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री कथा करने पहुँचते हैं तो वहां भीड़ संभालने के लिए भारी पुलिस फोर्स लगानी पड़ती है। धीरेंद्र शास्त्री कथा के दौरान दिव्य दरबार भी लगाते हैं।

पाकिस्तान को भी बना देंगे हिन्दू राष्ट्र

धीरेंद्र शास्त्री अपने बयानों के चलते और ज्यादा सुर्खियों में रहते हैं। धीरेंद्र शास्त्री का बेबाक अंदाज सोशल मीडिया पर छाया रहता है। उनके कट्टर हिंदूवादी बयान खूब वायरल होते हैं। वह हिंदुओं को जगाने की बात करते हैं। हिन्दू राष्ट्र बनाने की बात करते हैं। एक बार गुजरात की धरती से बागेश्वर सरकार ने एक बड़ा बयान दिया था। जो कि अब तक चर्चा में है। धीरेंद्र शास्त्री ने कहा था कि, गुजरात वासियों अगर हम एक हो जाएं तो भारत क्या, हम पाकिस्तान को भी हिन्दू राष्ट्र बना देंगे।

आपको बता दें, धीरेंद्र शास्त्री बार-बार देश को हिंदू राष्ट्र बनाने की बात कहते हुए नजर आते हैं। वे लगातार भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने और सनातन का प्रचार-प्रसार करने पर जोर देते हैं। धीरेंद्र शास्त्री हिंदू राष्ट्र की मांग उठाते हुए यह तक कह चुके हैं कि सनातनी लोग उनका साथ दें वह भारत को हिंदू राष्ट्र बना देंगे।

मन की बात पढ़ लेते हैं पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री

बागेश्वर सरकार यानि पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री दिव्य दरबार लगाते हैं और इस दरबार में बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं और अपनी अर्जी लगाते हैं। इस दौरान पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री दरबार में अपनी अर्जी लेकर पहुंचे लोगों की मन की बात पढ़ लेते हैं और बाद में एक कागज पर लिखकर दिखाते हैं।

यानि पर्चा लिखते हैं। जिसके बाद दरबार में अपने दुःख लेकर आया शख्स कहता है कि, ''हां सरकार यही समस्या है'' सरकार की जय हो।'' लेकिन बड़ा सवाल है कि आखिर बाबा लोगों के मन की बात कैसे जान जाते हैं? ध्यान रहे कि, हाल ही में पाखंड और अंधविश्वास फैलाने को लेकर धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री के खिलाफ नागपुर में मामला दर्ज कराया गया था।

इस मामले से धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री काफी ज्यादा चर्चा में आ गए थे। हालांकि, पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री का कहना था उन्हें सन्यासी गुरुओं की सेवा, बाला जी की भक्ति और ध्यान विधि से ये सिद्धि मिली है। वह पाखंड नहीं करते। बतादें कि, पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री को पिछले दिनों जान से मारने की धमकी भी मिल चुकी है.