पूर्व भाजपा प्रधान मदन मोहन मित्तल के बेटे अरविंद मित्तल की घर वापसी

Lok Sabha Elections 2024

Lok Sabha Elections 2024

-    केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने किया पार्टी में स्वागत, कहा- भाजपा ही दे सकती है राज्य को मजबूत नेतृत्व

-    कहा- पंजाब में अंडरकरंट, इस बार आएंगे चौंकाने वाले नतीजे और 2027 में भाजपा पंजाब में बनाएगी सरकार

चंडीगढ़, 27 मई: Lok Sabha Elections 2024: पंजाब भाजपा के पूर्व प्रधान व पूर्व कैबिनेट मंत्री मदन मोहन मित्तल के बेटे अरविंद मित्तल ने सोमवार को बसपा से नाता तोड़ कर भाजपा में घर वापसी की। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने उनका पार्टी में स्वागत किया। इस दौरान गुजरात के पूर्व मंत्री भूपेंद्रसिंह चूड़ास्मा, पंजाब भाजपा के उपाध्यक्ष केवल ढिल्लों और पंजाब भाजपा के मीडिया प्रभारी विनीत जोशी भी मौजूद रहे।

शेखावत ने इस मौके पर कहा कि अरविंद मित्तल के भाजपा में लौटने से पार्टी को मजबूती मिली है। आज का दिन बहुत सौभाग्यशाली है क्योंकि पार्टी के बहुत पुराने परिवार की वापसी हुई है, जाे किसी कारण हमसे बिछुड़ गए थे। उन्होंने कहा कि अरविंद मित्तल और इनके परिवार के डीएनए में भाजपा समाहित है। इनके परिवार ने बरसों पार्टी की सेवा की है। अरविंद मित्तल बेशक कुछ समय के लिए हमसे दूर हुए थे, लेकिन तब भी मन से वह भाजपाई ही थे। उन्होंने कहा कि यह सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास कार्यों का नतीजा है कि आज पार्टी पंजाब में भी अपने कदम मजबूती से बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब जैसे सरहदी राज्य को एक सशक्त सरकार की जरूरत है जो सिर्फ भाजपा ही दे सकती है। वर्तमान आम आदमी पार्टी की  सरकार विकास और सुरक्षा व्यवस्था के हर मोर्चे पर पूरी तरह विफल हो चुकी है। 

उन्होंने कहा कि यह चुनावी महायज्ञ अब पूर्णता की ओर अग्रसर है। अब तक छह चरणों का चुनाव हो चुका है और एक जून को अंतिम चरण का मतदान होगा। अब तक छह चरणों के चुनाव जो फीडबैक मिला है उसके आधार पर मेरा दावा है कि मोदी की जबरदस्त लहर बनी हुई है और पंजाब भी इससे अछूता नहीं है। पंंजाब में भी  इस बार अंडरकरंट है और चार जून को नतीजे न सिर्फ भाजपा के पक्ष में होंगे बल्कि चौंकाने वाले होंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब में भाजपा जिस तेजी से मजबूत हो रही है उसे देखकर मेरा दावा है कि 2027 के राज्य के विधानसभा चुनाव में यहां कमल अवश्य खिलेगा।    

उन्होंने कहा कि केजरीवाल अपनी  रैलियों में कह रहे हैं कि भाजपा से लोकतंत्र और संविधान को खतरा है, लेकिन सच्चाई यह है कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक खुद संविधान और लोकतंत्र की इज्जत नहीं करते। दिल्ली शराब घोटाला इस बात का सबूत है। यही नहीं, अब वह कह रहे हैं कि मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा नहीं देंगे और जेल से ही सरकार चलाने की अनुमति मांगेंगे। इससे बड़ा मजाक लोकतंत्र से और क्या हो सकता है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल के डीएनए में झूठ है। वह झूठ बोलकर सनसनी फैलाना चाहते हैं और लोगों की सहानुभूति बटोरना चाहते हैं। लेकिन जनता समझदार है। वह जानती है आप ने उन्हें जो सब्जबाग दिखाएं थे वह सिर्फ धोखा था। उन्होंने कहा कि अमित शाह ने यह नहीं कहा था कि भाजपा राज्य की आप सरकार को गिरा देगी।उन्होंने सिर्फ यह कहा था कि मान सरकार नहीं रहेगी। आम आदमी पार्टी के कारनामे ही उसे गिराएंगे। लोग अरदास कर रहे हैं कि आप के कुशासन से उन्हें मुक्ति मिले। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के विधायकों में गहरा असंतोष है।   

प्रियंका गांधी के बयान कि पीएम मोदी महिलाओं को बेवकूफ समझते हैं, पर शेखावत ने कहा कि मोदी ने महिलाओं का सम्मान बढ़ाया है। अगर प्रियंका को महिलाओं की इतनी ही चिंता है तो वह अब तक स्वाति मालीवाल के मामले में क्यों चुप हैं? उन्होंने इंडी गठबंधन में उनके सहयोगी अरविंद केजरीवाल से इस बारे में क्यों नहीं कुछ कहा? पंजाब की महिलाओं के साथ भगवंत मान सरकार के धोखे पर वह क्यों कुछ नहीं बोलतीं? मान ने कहा था कि राज्य में 18 वर्ष की उम्र से ऊपर की सभी महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये देंगे, लेकिन आज तक ऐसा नहीं हुआ। शेखावत बोले कांग्रेस और आप एक सिक्के के दो पहलू हैं। दोनों एक-दूसरे के पापों को छुपाकर जनता को धोखा दे रहे हैं। इस मौके पर आम आदमी पार्टी के प्रवासी विंग के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार भी भाजपा में शामिल हुए।

वहीं, गुजरात के पूर्व मंत्री भूपेंद्रसिंह चूड़ास्मा ने दावा किया कि इस बार लोकसभा चुनाव में भाजपा पंजाब में अब तक का सबसे बेहतर प्रदर्शन करेगी।