पंजाब विधानसभा में जबरदस्त हंगामा; प्रताप बाजवा और अमन अरोड़ा में तीखी बहस, चीमा ने कहा- नेता विपक्ष ने गालियां निकालीं
Punjab Vidhan Sabha Ruckus Aman Arora Harpal Cheema vs Partap Bajwa
Punjab Budget Session 2026: पंजाब विधानसभा में बजट सत्र के आज चौथे दिन जबरदस्त हंगामा देखने को मिला। सरकारी मेडिकल कॉलेज बनाने के मुद्दे पर सदन में सत्ता पक्ष आप और कांग्रेस में टकराव हुआ। दरअसल, कांग्रेस विधायक तृप्त राजिंदर बाजवा ने पंजाब में सरकारी मेडिकल कॉलेज बनाने को लेकर सदन में सवाल उठाया। जिसके बाद सरकार की तरफ से स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने जवाब देते हुए कहा कि पिछले 4 सालों में 9 मेडिकल कॉलेज बनाने का काम किया गया है। 2 बन गए है और चल रहे हैं, जबकि 2 शुरू होने जा रहे हैं और बाकी प्रोसेस में हैं। इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि विपक्ष 40 साल का अपना हिसाब दे।
इधर स्वास्थ्य मंत्री के ये कह जाने पर नेता विपक्ष प्रताप बाजवा ने कहा कि सवाल सरकारी मेडिकल कॉलेज का किया गया है, जबकि जवाब प्राइवेट मेडिकल कॉलेज बनाने का दिया जा रहा है। बाजवा ने कहा कि सरकार की तरफ से 16 सरकारी मेडिकल कॉलेज बनाने को कहा गया था। जिनमें से एक भी मेडिकल कॉलेज का काम शुरू नहीं हुआ। 5 की तो लोकेशन बताई गई। 11 की लोकेशन भी सरकार ने नहीं बताई। ये सरकार पंजाब के लोगों के साथ धोखा कर रही है.
बाजवा के बयान पर डॉ. बलबीर सिंह ने आगे कहा कि प्राइवेट मेडिकल कॉलेज भी अपने आप नहीं बन जा रहे। सरकार उन्हें जमीन दे रही है। सरकार की तरफ से सारी फैसेलिटी दी जा रही है। सीटें बढ़ाई जा रही हैं। वहीं स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हमारा MoU साइन हुआ है और सभी प्राइवेट मेडिकल कॉलेज में 50% सीटें सरकारी रेट पर होंगी। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि बाजवा जो सवाल पूछ रहे हैं, वो भी ये बताएं कि उनकी सरकार में कितने मेडिकल कॉलेज बन गए? वहीं इस बीच जब कैबिनेट मंत्री और AAP प्रधान अमन अरोड़ा बोलने के लिए खड़े हुए तो इस पर बाजवा ने एतराज जताया।
बाजवा ने कहा कि अमन अरोड़ा इस मामले में कैसे बोल सकते हैं? सवाल स्वास्थ्य मंत्री से किया गया है तो जवाब वही देंगे। क्या अमन अरोड़ा स्वास्थ्य मंत्री हैं, वो जवाब क्यों दे रहे? ये नियम के भी खिलाफ है। अमन अरोड़ा ने जवाब दिया कि अब बाजवा नहीं बताएँगे की किसे क्या बोलना है? किसे खड़े होना है और किसे बैठना है। अरोड़ा ने कहा कि जब बाजवा कांग्रेस विधायक तृप्त राजिंदर बाजवा के सवाल में 16 मेडिकल कॉलेज की बात कर सकते हैं तो मेरा भी हक है की मैं सरकार के एक मंत्री और पार्टी प्रधान के नाते बात रख सकता हूं।
इसके बाद अमन अरोड़ा और बाजवा में नोकझोंक बढ़ती चली गई। बाजवा के कुछ आपत्तिजनक बोलने पर अरोड़ा ने कड़े लहजे में कहा कि मैं इस तरह का व्यवहार बर्दाश्त नहीं करूंगा। मैं अभी सत्कार से बोल रहा हूं लेकिन बाजवा ऐसे बोलेंगे तो फिर मैं भी चुप नहीं रहूंगा। इस बीच अरोड़ा ने बाजवा से पूछा कि आप हमारे 16 मेडिकल कॉलेज की बात कर रहे हो, लेकिन 2017 में कांग्रेस ने 5 मेडिकल कॉलेज खोलने का वादा किया था। 1 मेडिकल कॉलेज भी नहीं खोला और अब हमें उंगली दिखा रहे हैं।
नेता विपक्ष बाजवा ने गालियां निकालीं
अमन अरोड़ा और बाजवा में होती नोकझोंक देखते-देखते वित्त मंत्री हरपाल चीमा तक पहुंची। वित्त मंत्री चीमा ने कहा कि नेता विपक्ष बाजवा ने सदन के अंदर मां-बहन की गालियां निकालीं हैं और सदन की मर्यादा को तार-तार किया है। बाजवा 70 साल के हो गए, उन्हें शर्म नहीं आई। वहीं चीमा ने कहा कि बाजवा दिमागी तौर से अपसेट हो गए हैं और इन्हें मेंटल अस्पताल में दाखिल करवाया जाये। चीमा ने बाजवा से माफी मँगवाने की स्पीकर से मांग की और कहा कि काँग्रेस के लोग सदन में बदमाशी पर उतरे हैं। लेकिन हाउस में इनकी बदमाशी नहीं चलेगी।