Punjab to Build 2120 Km Urban Roads

पटियाला में MSME बैठक: उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा ने सुनी उद्योगपतियों की समस्याएं, नई इंडस्ट्रियल पार्क नीति जल्द

pp

Punjab to Build 2120 Km Urban Roads

पंजाब के उद्योग एवं वाणिज्य, निवेश प्रोत्साहन, स्थानीय सरकार और बिजली मंत्री संजीव अरोड़ा ने पटियाला में आयोजित एमएसएमई की जिला स्तरीय बैठक के दौरान उद्योगपतियों के साथ संवाद किया। इस बैठक में विभिन्न जिलों से आए उद्यमियों ने अपनी समस्याएं और सुझाव मंत्री के सामने रखे, जिनमें से कई मामलों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया। इस अवसर पर पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह भी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान मंत्री संजीव अरोड़ा ने स्थानीय सरकार विभाग को शहरों में सफाई और सीवरेज व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी कड़ी में उन्होंने घोषणा की कि मई माह के अंत तक पंजाब के शहरी क्षेत्रों में लगभग 1300 करोड़ रुपये की लागत से 2120 किलोमीटर सड़कों का निर्माण किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अलग योजना तैयार की जा रही है।

मंत्री ने यह भी बताया कि पंजाब सरकार एक महीने के भीतर नई इंडस्ट्रियल पार्क नीति लागू करेगी। इस नीति के तहत राज्य में कम से कम 25 एकड़ क्षेत्र में फैले बड़े औद्योगिक पार्क विकसित किए जाएंगे। इन परियोजनाओं में उद्योगपति और रियल एस्टेट डेवलपर संयुक्त रूप से भाग लेंगे, जबकि निवेशक पंजीकरण कर आवश्यक अनुमतियां प्राप्त कर सकेंगे।

औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए सरकार निजी क्षेत्र को औद्योगिक पार्क विकसित करने के लिए प्रोत्साहित करेगी। इन पार्कों में बड़े और छोटे दोनों प्रकार के प्लॉट उपलब्ध होंगे, जिससे MSME सेक्टर को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है। बैठक में उद्योग विभाग के अधिकारियों ने सरकार की नई नीतियों की सराहना की और उद्योगपतियों ने भी संतोष व्यक्त किया।

संजिव अरोड़ा ने किसानों के हितों की रक्षा के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदाओं या फसल नुकसान की स्थिति में किसानों को हर संभव सहायता दी जाएगी। उन्होंने नकली बीज बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

बिजली क्षेत्र पर बोलते हुए मंत्री ने कहा कि पहले सोलर प्रोजेक्ट्स के लिए 100 प्रतिशत आवंटन किया जाता था, लेकिन अब बिजली बोर्ड स्वयं टेंडर जारी कर रहा है, जिससे बेहतर परिणाम मिल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि नई औद्योगिक नीति 2026 के तहत फिल्म स्टूडियो, अस्पताल और होटल जैसे क्षेत्रों को भी शामिल किया गया है। सरकार का विशेष ध्यान MSME सेक्टर को मजबूत करने पर है, क्योंकि यह औद्योगिक विकास की रीढ़ माना जाता है।

मंत्री ने दावा किया कि पंजाब निवेशकों के लिए पसंदीदा राज्यों में से एक बनकर उभर रहा है। सरकार का मुख्य उद्देश्य जन-केंद्रित विकास सुनिश्चित करना है और उद्योग, बुनियादी ढांचे तथा सार्वजनिक सुविधाओं में सुधार के माध्यम से पंजाब को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।

इस अवसर पर समाना के विधायक चेतन सिंह जौड़ा माजरा, पटियाला शहरी के विधायक अजीतपाल सिंह कोहली, मेयर कुंदन गोगिया, डिप्टी मेयर हरिंदर कोहली, राज्य सचिव जगदीप जग्गा, नगर निगम आयुक्त परमजीत सिंह, एडीसी (शहरी विकास) नवरीत कौर सेखों, निदेशक उद्योग जसप्रीत सिंह, पंजाब राज्य सूचना आयुक्त वीरेंद्र जीत सिंह और जीएम डीआईसी पटियाला अर्शदीप सहित विभिन्न उद्योगों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।