Punjab Roadways में जल्द मिलेगा QR Code से टिकट, डिजिटल पेमेंट सिस्टम की टेस्टिंग शुरू
- By Gaurav --
- Sunday, 05 Jul, 2026
Punjab Roadways to Introduce QR
चंडीगढ़: पंजाब रोडवेज जल्द ही अपनी टिकट व्यवस्था को पूरी तरह डिजिटल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहा है। विभाग ने बसों में QR Code के जरिए टिकट भुगतान की नई सुविधा शुरू करने की तैयारी कर ली है। फिलहाल इस नई प्रणाली की टेस्टिंग शुरू हो चुकी है।
सूत्रों के अनुसार, नई व्यवस्था लागू होने के बाद यात्रियों को टिकट लेने के लिए केवल नकद भुगतान पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। वे QR Code, UPI, डेबिट कार्ड और क्रेडिट कार्ड सहित विभिन्न डिजिटल माध्यमों से भुगतान कर सकेंगे। इससे टिकट लेने की प्रक्रिया तेज, आसान और अधिक पारदर्शी बनेगी।
जानकारी के मुताबिक, नई टिकटिंग मशीनों और डिजिटल भुगतान प्रणाली को पूरी तरह लागू करने में लगभग एक माह का समय लग सकता है। इस दौरान मशीनों की तकनीकी जांच और सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा।
पंजाब रोडवेज कॉन्ट्रैक्ट वर्कर यूनियन के प्रधान जोध सिंह ने बताया कि यह बदलाव टिकट प्रणाली में बड़ा सुधार साबित होगा। इससे यात्रियों को आधुनिक सुविधा मिलेगी और कंडक्टरों की कार्यप्रणाली भी अधिक व्यवस्थित होगी, क्योंकि भुगतान सीधे विभाग के खाते में जाएगा।
वहीं, जीएम-2 अमृतसर हरविंदर सिंह ने बताया कि नई मशीनों की टेस्टिंग जारी है। इन मशीनों में संबंधित ड्राइवर और कंडक्टर का विवरण भी फीड किया जाएगा, जिससे टिकटिंग प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनेगी। उन्होंने कहा कि टेस्टिंग पूरी होने के बाद यह नई व्यवस्था जल्द ही पंजाब रोडवेज की बसों में लागू कर दी जाएगी।