पंजाब में रेड पर सियासत तेज: AAP पर बरसे सांसद विक्रमजीत साहनी, BJP जॉइन करते ही ‘डिफॉल्टर’ बनाने का आरोप
- By Gaurav --
- Friday, 01 May, 2026
Punjab Raid Row: MP
पंजाब में राज्यसभा सांसदों पर हुई कार्रवाई को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। राज्यसभा सांसद विक्रमजीत सिंह साहनी ने Aam Aadmi Party (AAP) सरकार पर तीखा हमला बोला है और इसे “क्रूर कार्रवाई” बताया है।
साहनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए सवाल उठाया कि अशोक मित्तल और राजिंदर गुप्ता जैसे ही AAP छोड़कर Bharatiya Janata Party (BJP) में शामिल हुए, वे अचानक “डिफॉल्टर” कैसे बन गए।
उन्होंने कहा कि एक ओर पंजाब सरकार निवेशकों को आकर्षित करने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर उद्योगपतियों और सांसदों पर रेड कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या एक ही दिन में प्रदूषण फैलना शुरू हो गया या GST नियमों का उल्लंघन हो गया?
साहनी ने आगे आरोप लगाया कि यह कार्रवाई AAP छोड़कर BJP में शामिल हुए सात राज्यसभा सांसदों को लेकर राजनीतिक बदले की भावना से की गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस तरह की कार्रवाई जारी रही तो केंद्र सरकार चुप नहीं बैठेगी। अपने पोस्ट में उन्होंने अमित शाह को भी टैग किया, जिससे इस मामले में केंद्र के हस्तक्षेप की संभावना जताई जा रही है।
गौरतलब है कि हाल ही में राघव चड्ढा सहित सात राज्यसभा सांसदों ने AAP छोड़कर BJP का दामन थाम लिया था। इनमें संदीप पाठक, स्वाति मालीवाल, हरभजन सिंह, विक्रमजीत सिंह साहनी और राजेंद्र गुप्ता शामिल बताए जा रहे हैं।
इन सांसदों के पार्टी छोड़ने के एक दिन बाद ही पंजाब सरकार द्वारा अशोक मित्तल और राजेंद्र गुप्ता से जुड़े समूहों पर रेड की गई, जिसके बाद राज्य की राजनीति गरमा गई है और आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।