Punjab-Haryana Bar Association elections on May 15, election schedule released

पंजाब-हरियाणा में बार एसोसिएशन चुनाव 15 मई को, चुनाव शेड्यूल जारी

undefined

Punjab-Haryana Bar Association elections on May 15, election schedule released

 बार काउंसिल ऑफ पंजाब एंड हरियाणा ने राज्य के सभी बार एसोसिएशनों के वार्षिक चुनावों को लेकर विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। जारी अधिसूचना के अनुसार पंजाब, हरियाणा और यूटी चंडीगढ़ में बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के चुनाव 15 मई 2026 (शुक्रवार) को कराए जाएंगे।  

अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि सभी बार एसोसिएशनों को तय कार्यक्रम का सख्ती से पालन करना होगा। किसी भी प्रकार की उल्लंघना की स्थिति में संबंधित चुनाव को अमान्य घोषित किया जा सकता है।

चुनाव प्रक्रिया के तहत उम्मीदवारों को शपथ पत्र दाखिल करने और सदस्यों को अपनी वार्षिक सदस्यता शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 16 अप्रैल 2026 तय की गई है। वहीं, रिटर्निंग ऑफिसर या चुनाव समिति की नियुक्ति और मतदाता सूची के प्रकाशन की अंतिम तिथि 20 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है।

मतदाता सूची पर आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि 2 मई 2026 (शाम 4 बजे तक) रखी गई है, जबकि इन आपत्तियों का निपटारा 8 मई 2026 तक किया जाएगा।

बार काउंसिल ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का हवाला देते हुए यह भी कहा है कि चुनावों में महिला वकीलों के लिए 30% प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करना अनिवार्य होगा।

इसके अलावा, चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए “वन वोट, वन बार” के सिद्धांत को लागू किया गया है और केवल वही वकील मतदान कर सकेंगे जो बार काउंसिल ऑफ पंजाब एवं हरियाणा में पंजीकृत हैं।

अधिसूचना में चुनाव प्रचार को लेकर भी सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। किसी भी प्रकार की रैली, बड़ी सभा या पोस्टरबाजी पर रोक लगाई गई है और केवल “पेपरलेस ग्रीन कैंपेन” की अनुमति दी गई है।

बार काउंसिल ने सभी बार एसोसिएशनों से अपील की है कि वे समयसीमा के भीतर सभी प्रक्रियाएं पूरी करें, ताकि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित किए जा सकें।