Dharamvira Gandhi Joins Congress- पूर्व AAP सांसद धर्मवीर गांधी की कांग्रेस में जॉइनिंग; इस सीट से लोकसभा चुनाव लड़ने की चर्चा

पंजाब से पूर्व AAP सांसद धर्मवीर गांधी की कांग्रेस में जॉइनिंग; इस सीट से लोकसभा चुनाव लड़ने की चर्चा, शामिल होने के बाद बोले ये बात

 Punjab Former AAP MP Dharamvira Gandhi Joins Congress News Update

Punjab Former AAP MP Dharamvira Gandhi Joins Congress News Update

Dharamvira Gandhi Joins Congress: लोकसभा चुनाव से पहले पंजाब कांग्रेस के खेमे में एक नए नेता की एंट्री हुई है। पटियाला से आम आदमी पार्टी के पूर्व सांसद डॉ. धर्मवीर गांधी आज कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। दिल्ली में कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन पवन खेड़ा, पंजाब प्रभारी देवेंद्र यादव, पंजाब प्रदेश अध्यक्ष राजा वडिंग और प्रताप बाजवा की मौजूदगी में धर्मवीर गांधी कांग्रेस में शामिल हुए। इस दौरान धर्मवीर गांधी के साथ-साथ उनके करीबी और अन्य कुछ नेताओं ने भी कांग्रेस में जॉइनिंग की।

शामिल होने के बाद बोले ये बात

कांग्रेस मे शामिल होने के बाद डॉ. धर्मवीर गांधी ने कहा कि, आने वाला लोकसभा चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है, यह देश की दिशा तय करेगा। ऐसे समय में सही के साथ खड़ा होना बहुत जरूरी है। इसलिए मैं कांग्रेस में शामिल हुआ हूं। वहीं कांग्रेस नेता प्रताप बाजवा ने कहा कि, धर्मवीर गांधी का कांग्रेस में आना हमारे लिए शुभ संकेत है। इनके साथ बहुत सारे साथी भी आए हैं। ये 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' का असर है। मैं सभी का स्वागत करता हूं। सभी के आने से हमें मजबूती मिलेगी।

मालूम रहे कि, पेशे से हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. धर्मवीर गांधी पटियाला के ही रहने वाले हैं। वह साल 2013 में आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे। इसके बाद आम आदमी पार्टी की टिकट पर 2014 में पटियाला से लोकसभा चुनाव लड़ा था। उस समय पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह की पत्नी परनीत कौर इस सीट पर उनके सामने चुनावी मैदान में थीं. डॉ. धर्मवीर गांधी ने परनीत कौर को 20,942 वोटों के अंतर से करारी मात दी थी। धर्मवीर गांधी को 3, 65,671 और परनीत कौर को 3,44,729 वोट मिले थे। इस तरह से धर्मवीर गांधी परनीत कौर को हराने वाले इकलौते नेता बने थे। दरअसल, पटियाला परनीत कौर की परंपरागत सीट है।

धर्मवीर गांधी ने अपनी नई पार्टी बनाई

2019 के लोकसभा चुनाव से पहले धर्मवीर गांधी और आम आदमी पार्टी में नाराजगी पैदा हो गई थी। धर्मवीर गांधी पार्टी हाईकमान की नीतियों से नाराज होकर आम आदमी पार्टी को अलविदा कह गए थे और नवां पंजाब के नाम से अपनी नई पार्टी बनाई थी। लेकिन इसके बाद वह चुनाव नहीं जीत नहीं सके।  

पटियाला से लड़ सकते हैं चुनाव

परनीत कौर इस समय पटियाला की सांसद हैं। वह कांग्रेस की टिकट पर सांसद चुनी गईं थीं। लेकिन बाद में कांग्रेस से अंतर्कलह से कैप्टन अमरिंदर सिंह के इस्तीफे के बाद परनीत कौर ने भी कांग्रेस से दूरी बना ली थी। हाल ही में पटियाला की सांसद परनीत कौर कांग्रेस छोड़ कर बीजेपी में शामिल हुईं थी। यह कांग्रेस के लिए बड़ा झटका था। फिलहाल अब बीजेपी ने परनीत कौर को पटियाला से अपना उम्मीदवार बनाया है। ऐसे में अब कांग्रेस धर्मवीर गांधी को पटियाला से अपना उम्मीदवार बना सकती है। धर्मवीर गांधी से पटियाला सीट पर कांग्रेस को मजबूती मिल सकती है।