पंजाब निकाय चुनाव 2026: BJP ने जारी की उम्मीदवारों की पहली सूची, चुनावी सरगर्मियां तेज
- By Gaurav --
- Thursday, 14 May, 2026
Punjab Civic Polls 2026
पंजाब में निकाय चुनाव 2026 की घोषणा होते ही राज्य की राजनीति गरमा गई है। चुनावी बिगुल बजते ही सभी राजनीतिक दल एक्टिव मोड में आ गए हैं और उम्मीदवारों की घोषणा का दौर भी शुरू हो गया है। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी ने नगर परिषद जीरकपुर, डेरा ब्यास और नवगांव के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। बीजेपी ने दावा किया है कि पार्टी इस बार निकाय चुनावों में मजबूती से उतर रही है और शहरी वोटरों के बीच अपनी पकड़ मजबूत करेगी। 
पंजाब में 8 नगर निगम, 76 नगर परिषद और 21 नगर पंचायतों के चुनाव 26 मई को करवाए जाएंगे, जबकि मतगणना 29 मई को होगी। चुनाव की घोषणा के साथ ही राज्य में आचार संहिता लागू हो चुकी है। नामांकन प्रक्रिया 13 मई से शुरू हो गई है और उम्मीदवार 16 मई तक अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। 18 मई को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 19 मई तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे। 
निकाय चुनाव को लेकर मोहाली में पंजाब बीजेपी की एक अहम संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ और कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बैठक में चुनावी रणनीति और संगठनात्मक तैयारियों पर चर्चा की गई। इस दौरान सुनील जाखड़ ने कहा कि बीजेपी पंजाब में निकाय चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है और पार्टी हर वार्ड में मजबूती से चुनाव लड़ेगी।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार मोहाली, मोगा, बटाला, बरनाला, कपूरथला, अबोहर, बठिंडा और पठानकोट नगर निगमों के लिए चुनाव होंगे। पूरे राज्य में 2019 वार्डों के लिए 3977 पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने के लिए हर पोलिंग बूथ की वीडियोग्राफी करवाई जाएगी। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था के लिए 35 हजार से अधिक पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। चुनाव ड्यूटी के लिए ADC और PCS स्तर के अधिकारियों को रिटर्निंग ऑफिसर बनाया गया है। 
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इन निकाय चुनावों को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले का सेमीफाइनल माना जा रहा है। यही वजह है कि सभी राजनीतिक दल शहरी क्षेत्रों में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं।