पंजाब बोर्ड का अल्टीमेटम: लंबित नतीजों के लिए 20 मई आखिरी मौका
Punjab Board Issues Final
पंजाब में 2020-21 सत्र के दौरान 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े कई परीक्षार्थियों के परिणाम अब तक लंबित हैं। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के अनुसार, उस समय कई विद्यार्थियों के योग्यता संबंधी दस्तावेजों में खामियां पाई गई थीं, जिसके चलते उनके नतीजे रोक दिए गए थे।
जिन परीक्षार्थियों ने समय रहते जरूरी दस्तावेज और निर्धारित फीस जमा करवाई थी, उनके परिणाम बाद में घोषित कर दिए गए। हालांकि, करीब पांच साल बीत जाने के बावजूद कुछ परीक्षार्थियों और संबंधित स्कूलों ने अब तक आवश्यक दस्तावेज और फीस जमा नहीं करवाई है।
बोर्ड ने पहले ऐसे मामलों के निपटारे के लिए 15 अगस्त 2025 तक का समय दिया था, लेकिन इसके बावजूद कई स्कूलों और विद्यार्थियों की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। अब पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड ने अंतिम मौका देते हुए 20 मई तक दस्तावेज जमा करवाने की समयसीमा तय की है।
निर्धारित प्रक्रिया के तहत परीक्षार्थियों को ओपन स्कूल सिस्टम के प्रॉस्पेक्टस में दी गई शर्तों के अनुसार 5,000 रुपये फीस और जरूरी दस्तावेज बोर्ड के मुख्य कार्यालय में जमा करवाने होंगे। इसके बाद ही लंबित नतीजों को घोषित करने की अगली प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इस बार तय समयसीमा के बाद किसी भी प्रकार का दावा स्वीकार नहीं किया जाएगा, इसलिए संबंधित विद्यार्थियों और स्कूलों को तुरंत कार्रवाई करने की सलाह दी गई है।