पंजाब में 'अग्निपरीक्षा' शुरू: आज से 5 दिनों तक लू का 'यलो अलर्ट', इस हफ्ते 45 डिग्री के पार जाएगा पारा; जानें मौसम विभाग की चेतावनी
Punjab begins 'ordeal': Yellow heatwave alert
अमृतसर। पंजाब में गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। बीते 24 घंटों में राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 1.2 डिग्री की बढ़ौतरी देखने को मिली। मौसम विभाग ने आज राज्य के ज्यादातर हिस्सों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार इस सप्ताह कई जिलों में तापमान 45 डिग्री के करीब पहुंच सकता है।
शनिवार को बठिंडा राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार चंडीगढ़ में 40.3, अमृतसर में 39.9, लुधियाना में 41.6, पटियाला में 42 और फरीदकोट में 41.9 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान सामान्य से ऊपर बना रहेगा और लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ेगा।

आज से चलेगी लू, रहें सावधान
18 मई- फाजिल्का, मुक्तसर, फरीदकोट, बठिंडा और मानसा जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। इन जिलों में दोपहर के समय गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं। मौसम विभाग ने किसानों, मजदूरों और बाहर काम करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
19 मई- लू का असर और बढ़ जाएगा। इस दिन फाजिल्का, मुक्तसर, फरीदकोट, फिरोजपुर, मोगा, बठिंडा, बरनाला, मानसा और संगरूर जिलों में लू की चेतावनी जारी की गई है। विभाग के अनुसार दक्षिण और दक्षिण-पश्चिमी पंजाब में तापमान तेजी से बढ़ेगा।
20 मई- राज्य के अधिकतर हिस्से गर्मी की चपेट में रहेंगे। अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, मुक्तसर, फरीदकोट, मोगा, बठिंडा, मानसा, बरनाला, संगरूर, लुधियाना, पटियाला, फतेहगढ़ साहिब और आसपास के जिलों में लू का असर देखने को मिल सकता है। इस दौरान कई स्थानों पर तापमान 42 से 44 डिग्री तक पहुंच सकता है।
21 मई- राहत मिलने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार पंजाब के अधिकांश जिलों में गर्म हवाएं चलेंगी और यलो अलर्ट जारी रहेगा। खासतौर पर दक्षिणी और मध्य पंजाब में दिन के समय तेज गर्मी लोगों को परेशान करेगी।
दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में अधिक दिखेगा असर
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि राज्य के उत्तरी और पहाड़ी क्षेत्रों से सटे इलाकों में तापमान 36 से 38 डिग्री के बीच रह सकता है, जबकि मध्य और दक्षिणी जिलों में यह 40 से 42 डिग्री तक बना रहेगा। दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में तापमान 44 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने, अधिक पानी पीने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है। किसानों को भी खेतों में काम के दौरान सतर्क रहने को कहा गया है।