पंजाब के सरकारी स्कूलों के कंप्यूटर अब सिर्फ पढ़ाई के लिए, गैर-शैक्षणिक उपयोग पर सख्त रोक
- By Gaurav --
- Thursday, 30 Apr, 2026
Punjab Bans Use of Government
पंजाब के शिक्षा विभाग ने सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की कंप्यूटर शिक्षा को सुरक्षित रखने के लिए एक बड़ा और सख्त फैसला लिया है। विभाग ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि अब किसी भी गैर-शैक्षणिक कार्य, जैसे जनगणना (सेंसस) या अन्य सरकारी सर्वे, के लिए स्कूलों के कंप्यूटर या लैब का उपयोग नहीं किया जाएगा।
डायरेक्टर जनरल स्कूल शिक्षा (पंजाब) के कार्यालय द्वारा सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को भेजे गए पत्र में बताया गया कि कुछ प्रशासनिक दफ्तर स्कूलों की कंप्यूटर लैब का इस्तेमाल कर रहे थे या कंप्यूटर मंगवा रहे थे। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई और दाखिला प्रक्रिया प्रभावित हो रही थी।
शिक्षा विभाग ने कहा कि इस समय स्कूलों में दाखिला अभियान जोरों पर है, और कंप्यूटर की उपलब्धता बेहद जरूरी है। ऐसे में कंप्यूटरों को बाहर भेजना या लैब का बाहरी उपयोग विद्यार्थियों की पढ़ाई में बाधा डाल सकता है और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचने का खतरा भी रहता है।
विद्यार्थियों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए विभाग ने सख्त आदेश दिए हैं कि किसी भी स्कूल से कंप्यूटर बाहर नहीं भेजे जाएंगे और न ही किसी बाहरी एजेंसी को कंप्यूटर लैब का उपयोग करने दिया जाएगा। विभाग ने साफ किया है कि स्कूलों के संसाधन केवल शिक्षा और विद्यार्थियों के लाभ के लिए ही सुरक्षित रखे जाएंगे।