पंजाब-हरियाणा बार काउंसिल चुनाव: जिला अदालत में मतदान को लेकर उत्साह, कड़ी सुरक्षा के बीच वोटिंग जारी
- By Gaurav --
- Tuesday, 17 Mar, 2026
Punjab & Haryana Bar Council Elections:
पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल चुनाव के तहत मंगलवार को सेक्टर-43 स्थित जिला अदालत में मतदान के दिन जबरदस्त गहमागहमी देखने को मिली। सुबह 10 बजे शुरू हुई वोटिंग प्रक्रिया में वकीलों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जो शाम 5 बजे तक जारी रहेगी।
चुनाव के मद्देनज़र जिला अदालत में ‘नो वर्क डे’ घोषित किया गया, जिससे पूरा फोकस मतदान प्रक्रिया पर रहा। जिला बार एसोसिएशन की ओर से पहले ही इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई थी।
जिला अदालत से इस बार सुनील टोनी और सर्बजीत कौर चुनावी मैदान में हैं। दोनों उम्मीदवारों ने पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया, व्हाट्सएप और डोर-टू-डोर संपर्क के जरिए व्यापक प्रचार किया, जिसका असर मतदान के दिन साफ तौर पर देखने को मिला।
मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और पारदर्शी बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। अदालत परिसर में पोलिंग बूथ स्थापित किए गए हैं, जहां वकील अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। सुरक्षा के लिहाज से सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।
अब सभी की नजरें नतीजों पर टिकी हैं, क्योंकि मतदाता ही उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे।