AAP ने पंजाब के अपने सभी विधायकों की बैठक बुलाई; 7 सांसदों के BJP में जाने के बाद पार्टी में हलचल तेज, टूट रोकने की कोशिश
Punjab AAP All MLAs Meeting After 7 MPs Joined BJP Breaking
Punjab AAP Meeting: राघव चड्ढा समेत 7 राज्यसभा सांसदों के बीजेपी में शामिल होने के बाद आम आदमी पार्टी के खेमे में हलचल बढ़ी हुई है। वहीं ऐसे दावों के बीच पार्टी और ज्यादा सतर्क है, जिनमें यह कहा जा रहा है कि पंजाब आप के करीब 50 विधायक टूटकर बीजेपी में जा सकते हैं। यही कारण माना जा रहा है कि टूट रोकने की कोशिश में ही अब आम आदमी पार्टी ने पंजाब के अपने सभी विधायकों की बड़ी बैठक बुलाई है।
बताया जा रहा है कि यह बैठक 29 अप्रैल (बुधवार) को जालंधर में AAP पंजाब प्रदेश प्रभारी मनीष सिसोदिया और पार्टी प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा की अध्यक्षता में होगी। इस बैठक में सीएम भगवंत मान भी शामिल रहेंगे। इसके अलावा मनीष सिसोदिया ने पार्टी विधायकों के साथ-साथ सभी ब्लॉक ऑब्जर्वरों और पार्टी के सभी विंग प्रमुखो को भी बैठक में शामिल होने का निर्देश दिया है। आने वाले पंजाब के विधानसभा चुनाव और हाल ही में राज्यसभा में हुए बड़े फेरबदल के बाद यह आम आदमी पार्टी की बड़ी और अहम बैठक है।
ज्ञात रहे कि ये आम आदमी पार्टी के 7 सांसद 24 अप्रैल को AAP छोड़कर BJP में शामिल हुए थे। जिनमें राघव चड्ढा, अशोक कुमार मित्तल, हरभजन सिंह, संदीप कुमार पाठक, डॉ. विक्रमजीत सिंह साहनी, स्वाति मालीवाल और राजिंदर गुप्ता शामिल हैं। इनमें से पंजाब से 6 राज्यसभा सांसद हैं और 1 दिल्ली से। राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल ने दिल्ली भाजपा कार्यालय राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात करते हुए बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की थी।
राज्यसभा में मजबूत हुई बीजेपी
बीजेपी ने संसद के उच्च सदन राज्यसभा में खुद को और मजबूत कर लिया है। जो कभी आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद बने थे, वो अब बीजेपी के सांसद हो गए हैं। दरअसल AAP छोड़कर आए 7 सांसद भाजपा में विलय हो गए हैं। राज्यसभा सभापति सीपी राधाकृष्णन ने इसे मंजूरी दे दी है और इन सातों सांसदों को राज्यसभा में अब बीजेपी सांसदों की लिस्ट में लिस्टेड कर दिया गया है। राज्यसभा से जारी नई लिस्ट में बीजेपी के कुल 113 सांसद शामिल किए गए हैं।