देश में इंदौर की 'सोनम' जैसा एक और वीभत्स कांड; पुणे में 26 साल के युवा कारोबारी को मंगेतर ने 400 फीट खाई में धकेला, बताया हादसा
Pune Ketan Agarwal Murder By Fiancée Siya Goyal And Boyfriend Chetan Chaudhary
Pune Ketan Agarwal Murder: इस देश में शादी के नाम पर अब मौत बंट रही है। कहीं शादी के बाद पत्नी हत्या कर देती है तो कहीं शादी के पहले मंगेतर। दरअसल देश में इंदौर की 'सोनम' जैसा एक और वीभत्स कांड अब महाराष्ट्र के पुणे से सामने आया है। बस फर्क इतना है कि इंदौर की सोनम ने शादी के बाद हनीमून पर पति राजा रघुवंशी को खाई में गिराकर मार दिया था। जबकि पुणे से सामने आए इस मामले में मंगेतर ने शादी के पहले होने वाले पति को खाई में धकेल मौत के घाट उतार दिया। इस पूरे मामले ने देश और समाज को हैरान कर दिया है और यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि विश्वास पर बनने वाले रिश्ते धोखे और मौत में कैसे बदल रहे हैं?
लोहागढ़ किले पर 400 फीट गहरी खाई में धकेल दिया
यह पूरा मामला पुणे के लोहागढ़ किले से जुड़ा हुआ है। जहां 26 साल के युवा कारोबारी केतन अग्रवाल को खाई में धक्का देकर मार दिया गया। पूरी साजिश के साथ 20 साल की मंगेतर सिया गोयल ने अपने बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी (21) संग मिलकर इस घटना को अंजाम दिया और केतन अग्रवाल को किले से लगभग 400 फीट गहरी खाई में धकेल दिया। आरोप है कि पहले केतन पर हमला भी किया गया। इसके बाद उसे धक्का मारा गया। केतन का शव खाई में झाड़ियों के बीच से बरामद कर लिया गया है। वहीं साथ ही आरोपी मंगेतर सिया गोयल और उसके आरोपी बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी को पुणे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है।
केतन को खाई में धकेल सिया गोयल ने हादसे की कहानी रची
बताया जाता है कि 18 जून को जब प्री बर्थडे सेलिब्रेशन के नाम पर सिया गोयल केतन को अपने साथ लेकर लोहागढ़ किले पर गई तो इस दौरान वह अपने बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी के टच में थी। दोनों संपर्क में थे। इसी बीच चेतन चौधरी भी लोहागढ़ पहुंचा और वह सिया व केतन के आसपास मंडराता हुआ नजर आया। वहीं केतल अग्रवाल की हत्या को अंजाम देने के बाद चेतन मौके से फरार हो गया। जबकि सिया ने शोर मचाकर हादसे का बहाना बनाया। सिया ने ड्रामा करते हुए हादसे की कहानी रची और कहा कि फोटो लेते वक्त पैर फिसलने से केतन खाई में गिर गया। मौके पर पहुंची पुलिस के सामने सिया लगातार दुख और दर्द में होने का ड्रामा करती रही। वहीं सिया की मम्मी ने केतन के परिवार को फोन कर जानकारी दी कि केतन खाई में गिर गया है।
केतन की मौत के बाद सिया ने इंस्टा पर दुखभरे पोस्ट शेयर किए
साजिश के तहत केतन को मौत के घाट उतारने वाली सिया गोयल बड़े शातिराना तरीके से खुद को सेफ साइड रखने की कोशिश में लगी हुई थी। एक तरफ जहां सिया केतन के परिवार के साथ दुख का ड्रामा रच रही थी तो वहीं दूसरी तरफ सार्वजनिक तौर से केतन को लेकर उसने इंस्टा पर दुखभरे पोस्ट शेयर किए। एक पोस्ट में सिया गोयल ने लिखा, "तुमने मुझे मेरे जन्मदिन पर छोड़ दिया। तुमने मुझे तब छोड़ा, जब हम शादी करने वाले थे। मुझे अब भी समझ नहीं आता कि तुमने मेरे साथ ऐसा क्यों किया। जब मैं तुमसे इतना प्यार करती थी तो तुमने मुझे क्यों छोड़ दिया। तुम्हारी आत्मा को शांति मिले।'' सिया ये सब इसलिए कर रही थी ताकि लोगों को लगे की वो कितनी दुखी है।
शक और पुलिस की जांच में पकड़ी गई सिया गोयल
केतन की मौत को परिवार वाले भी शुरुवात में हादसा मान रहे थे और पुलिस भी इसी आधार पर कार्रवाई कर रही थी। लेकिन साथ ही इतनी आसानी से केतन के खाई में गिरने की बात भी परिवार को कुछ हजम नहीं हो रही थी। आखिरकार शक की सुई सिया गोयल पर घूमी। उसके आव-भाव और बातचीत ने परिवार का संशय बढ़ाया। जिसके बाद पुलिस ने भी साजिश के ऐंगल से जांच-पड़ताल शुरू की और इस दौरान सनसनीखेज खुलासा हुआ। जिस घटना को शुरुआत में हादसा माना जा रहा था, वह दरअसल एक सुनियोजित हत्या निकली। जिसकी साजिश केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी ने रची। प्रेमी के चलते सिया गोयल ने केतन को रास्ते से हटाने के लिए ये कदम उठाया।
सिया गोयल और चेतन चौधरी के बीच फोन कॉल्स मिले
तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, मोबाइल डेटा, सीसीटीवी फूटेज और पूछताछ के आधार पर शक पूरी तरह से साजिश में बदल गया। पुलिस ने सिया का फोन खंगाला तो बीते 6 महीने में सिया और एक अननोन नंबर के बीच 2000 से ज्यादा फोनकॉल्स मिले। फोन कॉल टाइम एनालिसेज किया गया तो करीब 258 घंटे थे। पुलिस ने जब जांच की तो यह चेतन चौधरी निकला। जिससे सिया बात कर रही थी। जांच के दौरान सामने आया कि सिया गोयल का 21 वर्षीय दुकान कारोबारी चेतन चौधरी के साथ प्रेम संबंध था। केतन से सगाई होने और शादी तय होने के बावजूद सिया गोयल लगातार चेतन चौधरी के संपर्क में थी और दोनों अपने रिश्ते को जारी रखना चाहते थे।
पुलिस के अनुसार, सिया और चेतन ने मिलकर केतन को रास्ते से हटाने की साजिश रची। योजना के तहत केतन को लोहागढ़ किले पर घूमने और प्री बर्थडे सेलिब्रेशन के बहाने ले जाया गया। आरोप है कि वहां मौके का फायदा उठाकर उसे किले से नीचे धक्का दे दिया गया, जिससे केतन की मौत हो गई। पुलिस ने वारदात वाले दिन चेतन की लोकेशन तलाशी तो वह मौका-ए-वारदात के आसपास सुबह 7 बजे से शाम 5;40 बजे तक मौजूद था। सीसीटीवी कैमरों में हुडी पहने चेतन कई वीडियो में मिला। चेतन बाइक से लोहागढ़ किले पर पहुंचा था। पुणे पुलिस ने सबसे पहले चेतन को दबोचकर उससे पूछताछ की। जिसमें उसने कथित रूप से अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी सिया गोयल को भी गिरफ्तार कर लिया।

14 जून को सिया ने केतन को मारने की कोशिश की
मृतक केतन के पिता विशाल अग्रवाल का कहना है कि सिया बार-बार लोहागढ़ किला जाना चाहती थी। उन्होंने बताया कि सिया और केतन 31 मई को भी लोहागढ़ किले पर गए थे। इसके बाद सिया 5 जून को फिर से लोहागढ़ जाने की जिद करने लगी। लेकिन हमने मना किया। इसके बाद सिया 14 जून को केतन को अपने साथ लेकर फिर से लोहागढ़ गई। केतन के पिता के मुताबिक, उस समय भी सिया ने केतन को धक्का मारा लेकिन पेड़ के सहारे से वह बच गया। इसके बाद सिया ने कहा की सांप आ गया था इसलिए उसने केतन को धक्का मारा। जिससे केतन ने इस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया और न ही उसका शक गया। इसके बाद 18 जून अपने प्री बर्थडे सेलिब्रेशन के नाम पर सिया ने फिर से लोहागढ़ जाने के लिए केतन को मजबूर किया। 19 जून को सिया गोयल का बर्थडे था।
फरवरी 2026 में सिया और केतन की सगाई हुई
बता दें कि, जहां केतन अग्रवाल रियल स्टेट बिजनेसमैन फैमिली से था तो वहीं सिया गोयल भी मसाला कारोबारी की बेटी है। यानि दोनों परिवार पुणे के बड़े कारोबारी हैं। केतन के पिता के मुताबिक, फरवरी 2026 में सिया और केतन की सगाई हुई थी और नवंबर में दोनों की शादी होनी थी। राजस्थान के उदयपुर में एक पैलेस में शादी होने जा रही थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक केतन और सिया की शादी के लिए 17 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे थे। मेहमानों के लिए 2 चार्टर प्लेन बुक किए गए थे। लेकिन शादी से पहले जहां केतन को मंगेतर से तोहफे में मौत मिली तो वहीं परिवार के सारे अरमान मातम में तब्दील हो गए। केतन अग्रवाल को क्या पता था कि जिस हाथ को थामकर वह भविष्य की ओर बढ़ रहा है, वही हाथ उसे मौत की ओर ले जाएगा।

केतन की मां ने कहा- सिया को मौत की सजा मिले
अपने बेटे की मौत से एक मां बिलख रही है। केतन की मां का कहना है कि सिया गोयल पर हमें कभी शक नहीं हुआ। उसके ड्रिंक करने की बात सामने आने पर हमने उससे कहा था कि हमारे परिवार में ये सब नहीं होता और शादी के बाद वह ऐसी पार्टियों में नहीं जाएगी। केतन की मां के अनुसार, सिया घर पर आती-जाती थी, हमने उसे अपनी बहू मान लिया था। कभी ऐसा नहीं लगा की वह मानसिकता की है। केतन की मां ने मांग की है कि बेटे की हत्या करने वाली सिया गोयल और उसके बॉयफ्रेंड को मौत की सजा मिलनी चाहिए। जिस तरह मेरे बेटे को मारा गया। उन्हें भी मौत मिले. इसके अलावा केतन की मां ने सिया गोयल के मां-बाप और रिश्ता कराने वाले बुआ-फूफा को भी सजा देने की मांग की है।
केतन के पिता ने कहा- अय्याशी के लिए मेरे बेटे की जान ले ली
इधर केतन के पिता ने कहा कि अगर सिया को शादी नहीं करनी थी तो वह इनकार कर देती या हमें एक भी फोटो चेतन के साथ भेज देती तो हम खुद ही शादी कैंसिल कर देते। इतनी क्रूर मानसिकता दिखाने और मेरे बेटे को मारने की क्या जरुरत थी? केतन के पिता का कहना है कि सिया ने अपनी अय्याशी के लिए मेरे बेटे की जान ले ली। उन्होंने कहा कि एक 20 साल की लड़की हत्या जैसा कदम तभी उठा सकती है, जब उसके घर-परिवार के संस्कार और विचाराधारा ऐसी रही हो। फिलहाल एक अमीर बाप की बेलगाम बेटी और पत्थरदिल लड़की ने उस केतन को मार दिया, जो उसे बेशुमार प्यार करने वाला था। जो निर्दोष था। यह एक बेदर्द रिश्ते की कहानी है। प्यार में धोखे की ऐसी ट्रेजेडी निकली जिससे रिश्ते की रूह कांप जाए। शादी से पहले ही यह रिश्ता एक खौफनाक अपराध में बदल गया।
आरोपी सिया गोयल और साथ में उसका बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी
.jpg)