PSEB Issues New Rules

PSEB ने जारी किए री-इवैल्यूएशन के नए नियम, प्रति कॉपी 1000 रुपए फीस

pp

PSEB Issues New Rules

Punjab School Education Board ने परीक्षाओं के बाद उत्तर पुस्तिकाओं के री-इवैल्यूएशन से संबंधित नए नियम और दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। बोर्ड की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, री-इवैल्यूएशन की सुविधा केवल लिखित परीक्षाओं यानी थ्योरी पेपर्स के लिए उपलब्ध होगी। प्रैक्टिकल परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का किसी भी स्थिति में री-इवैल्यूएशन नहीं किया जाएगा।

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परिणाम घोषित होने के बाद री-इवैल्यूएशन के लिए आवेदन और फीस केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। विद्यार्थियों को ऑनलाइन फॉर्म भरने और फीस जमा करवाने के बाद उसका प्रिंट सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है। निर्धारित तिथियों के बाद किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।

बोर्ड के अनुसार, अधूरे फॉर्म या निर्धारित फीस के बिना जमा किए गए आवेदन स्वतः रद्द कर दिए जाएंगे और इसके लिए अलग से कोई सूचना नहीं दी जाएगी। री-इवैल्यूएशन के लिए प्रति उत्तर पुस्तिका 1000 रुपये फीस निर्धारित की गई है। साथ ही यह भी साफ कर दिया गया है कि जमा की गई फीस किसी भी हालत में रिफंड या एडजस्ट नहीं होगी।

नियमों के मुताबिक री-इवैल्यूएशन के बाद यदि किसी छात्र के अंक बढ़ते हैं तो संशोधित अंकों के अनुसार परिणाम अपडेट किया जाएगा। वहीं यदि अंक कम होते हैं, तो कम हुए अंकों के आधार पर ही रिजल्ट मान्य होगा। बोर्ड ने कहा है कि री-इवैल्यूएशन के बाद घोषित किया गया परिणाम ही अंतिम माना जाएगा।

इसके अलावा, यदि किसी परीक्षार्थी के अंक बढ़ने के बाद वह मेरिट सूची में स्थान हासिल करता है, तो उसे ‘ज्वाइंट मेरिट’ के रूप में शामिल किया जाएगा ताकि पहले से जारी मुख्य मेरिट सूची प्रभावित न हो।