राष्ट्रपति मुर्मु ने 66 हस्तियों को पद्म पुरस्कारों से किया सम्मानित, रोहित शर्मा से लेकर अलका याग्निक तक शामिल
President Murmu Confers Padma
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन के गणतंत्र मंडप में 66 हस्तियों को पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया। नागरिक अलंकरण समारोह के दूसरे चरण में आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 2 पद्म विभूषण, 7 पद्म भूषण और 57 पद्म श्री पुरस्कार वितरित किए। पी.नारायणन और न्यायमूर्ति (सेवानिवृत) के . टी. थोमस को पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। वहीं डॉ. विजय अमृतराज, डॉ. एसके एम. मलियानन्दन , फिल्म अभिनेता ममूटी , वेल्लाप्पल्ली नटेशन, डॉ. दत्तात्रेयुडु नोरी, पार्श्व गायिका अलका याग्निक, और झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक और झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेता शिबू सोरेन को मरणोपरांत पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके अलावा कबीन्द्र पुरकायस्थ को मरणोपरांत सार्वजनिक सेवा के लिए, कला क्षेत्र में सतीश शाह को मरणोपरांत ,समाज सेवा के लिए सरदार इंदरजीत सिंह सिद्धू, फिल्म अभिनेता आर माधवन, खेल क्षेत्र में क्रिकेटर रोहित शर्मा और हॉकी खिलाड़ी सविता पूनिया समेत 57 लोगों को पद्म श्री से सम्मानित किया गया।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज राष्ट्रपति भवन में आयोजित दूसरे नागरिक सम्मान समारोह में पद्म पुरस्कार प्रदान किए। पद्म पुरस्कार देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से हैं। यह पुरस्कार पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री तीन श्रेणियों में दिए जाते हैं। पत्रकार पी. नारायणन को साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में पद्म विभूषण और पूर्व न्यायधीश के.टी. थॉमस को समाज सेवा के लिए पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। पूर्व टेनिस खिलाड़ी विजय अमृतराज, अभिनेता ममूटी और पार्श्व गायिका अलका याग्निक को पद्म भूषण पुरस्कार प्रदान किया गया।
सरकार ने इस वर्ष कुल 131 पद्म पुरस्कारों की घोषणा की थी। इनमें पांच पद्म विभूषण, 13 पद्म भूषण और 113 पद्म श्री पुरस्कार शामिल हैं। 1954 में शुरू किए गए इन पुरस्कारों की घोषणा प्रत्येक वर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर की जाती है। कला, साहित्य, शिक्षा, खेल, चिकित्सा, समाज सेवा, विज्ञान और इंजीनियरिंग, सार्वजनिक मामलों और व्यापार और उद्योग सहित विभिन्न क्षेत्रों और विषयों में विशिष्ट और असाधारण उपलब्धियों के लिए ये पुरस्कर दिए जाते हैं।