सीपीए जोन-2 सम्मेलन की तैयारियां तेज, चंडीगढ़ में 8 से 10 जून तक जुटेंगे उत्तर भारत के प्रतिनिधि
- By Gaurav --
- Sunday, 24 May, 2026
Preparations in Full Swing for
राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए) के उत्तर भारत क्षेत्र के जोन-2 सम्मेलन की तैयारियां जोरों पर हैं। हरियाणा विधान सभा की मेजबानी और लोकसभा के समन्वय से यह सम्मेलन आगामी 8 से 10 जून तक चंडीगढ़ में आयोजित होगा। सम्मेलन को सफल बनाने के लिए हरियाणा विधान सभा सचिवालय में लगातार बैठकों का दौर जारी है।
इस सिलसिले में विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने लोकसभा सचिवालय में निदेशक डॉ. यमनम अरुण कुमार, हरियाणा पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल तथा वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।
विधानसभा सचिवालय में सम्मेलन से जुड़े नोडल अधिकारियों की बैठकें भी लगातार आयोजित की जा रही हैं। शुक्रवार को लोकसभा और विधानसभा के वरिष्ठ अधिकारियों ने सम्मेलन स्थलों का दौरा कर वहां होने वाले प्रबंधों की रूपरेखा तैयार की। बैठकों में अतिथियों के स्वागत, आवास, परिवहन, सुरक्षा, प्रोटोकॉल, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और मीडिया प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
हरियाणा पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक सौरभ सिंह के साथ हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि सम्मेलन के दौरान चंडीगढ़ यूटी प्रशासन और हरियाणा विधानसभा सचिवालय के समन्वय के लिए राजपत्रित रैंक के नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे।
सम्मेलन के दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को हरियाणा पुलिस की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। सभी सम्मेलन स्थलों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएंगे। इसके अलावा प्रत्येक पीठासीन और उप-पीठासीन अधिकारी के लिए प्रोटोकॉल एवं लाइजनिंग अधिकारी नियुक्त करने के साथ-साथ विशिष्ट अतिथियों और प्रतिभागियों के लिए एस्कॉर्ट और पायलट गाड़ियों की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।