यूपी भाजपा में 'बड़े बदलाव' की तैयारी: अमित शाह से मिले पंकज चौधरी; मंत्रिमंडल विस्तार और नई टीम पर लगी मुहर!
Preparations for 'Major Changes' in UP BJP
उत्तर प्रदेश में भाजपा का संगठन विस्तार भी शीर्ष नेतृत्व की शीर्ष वरीयता
योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल के विस्तार की आहट ने भी पकड़ी गति
लखनऊ। Preparations for 'Major Changes' in UP BJP, उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव के माध्यम से एक बार फिर सत्ता पर काबिज होने की तैयारी में लगी भारतीय जनता पार्टी कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है।
भाजपा का शीर्ष नेतृत्व उत्तर प्रदेश का हर कील और कांटा दुरुस्त करने में लगा है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश में भाजपा का संगठन और योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल का विस्तार पार्टी की शीर्ष वरीयता में है।
लखनऊ में इन दिनों राजनीतिक हलचल काफी बढ़ी है और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भारत सरकार में मंत्री पंकज चौधरी की दिल्ली की दौड़ बढ़ गई है। पंकज चौधरी ने शनिवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल के साथ लंबी बैठक की।
पंकज चौधरी रविवार को दिल्ली पहुंचे और भाजपा के थिंक टैंक माने जाने वाले अमित शाह से मुलाकात की। मुलाकात के बाद उन्होंने एक्स पर पोस्ट भी किया। उन्होंने लिखा कि आज नई दिल्ली में देश के यशस्वी गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह जी से शिष्टाचार भेंट की।
उनसे मिला स्नेह, आत्मीयता भरा मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद हृदय को गहराई से स्पर्श कर गया। उनका अनुशासित नेतृत्व, संगठन के प्रति अटूट समर्पण और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की कार्यशैली सदैव प्रेरणा देती रही है। इस दौरान विभिन्न सांगठनिक विषयों पर सार्थक एवं सकारात्मक चर्चा हुई।
योगी आदित्यनाथ मंत्रीमंडल में विस्तार की जोरदार आहट के बीच भाजपा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष पंकज चौधरी दिल्ली में अमित शाह से मिलने पहुंचे। यूपी बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी रविवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मिलने उनके आवास पहुंचे। प्रदेश भाजपा संगठन से लेकर मंत्रिमंडल विस्तार तक की अटकलों के बीच यह मुलाकात काफी अहम मानी जा रही है।
माना जा रहा है कि पंकज चौधरी के मुलाकात के अमित शाह यूपी को लेकर कोई बड़ा फैसला लेने वाले हैं। इसी दौरान भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और यूपी के चुनाव पर्यवेक्षक विनोद तावड़े भी लखनऊ पहुंचे हैं। उनकी सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ बैठक होगी।
माना जा रहा है कि वह फीडबैक लेकर शीर्ष नेतृत्व को रिपोर्ट देंगे, जिसके बाद बड़े फैसले होंगे। प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार के साथ पंकज चौधरी की नई टीम भी बनाई जा सकती है।
इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिले थे और उनके हाथ में गुलाबी रंग की मोटी फाइल भी थी।
माना जा रहा है कि इस फाइल में संगठन से लेकर बोर्ड-निगम, आयोग और संभावित मंत्रिमंडल विस्तार से जुड़े नाम शामिल हो सकते हैं। प्रदेश में बोर्ड-निगमों के साथ-साथ आयोगों में नियुक्तियों को लेकर चर्चाएं जोरों पर हैं।