प्रयागराज में बाल यौन शोषण आरोप: आशुतोष ब्रह्मचारी ने शंकराचार्य पर गंभीर आरोप लगाए
Prayagraj child sexual abuse allegations
rayagraj child sexual abuse allegations: शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती और उनके शिष्य मुकुंदानंद ब्रह्मचारी के खिलाफ बाल यौन शोषण का मुकदमा दर्ज कराने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी ने बुधवार को प्रेस वार्ता कर गंभीर आरोप लगाए। लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान आशुतोष ने शंकराचार्य की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
आशुतोष ब्रह्मचारी ने आरोप लगाया कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सनातन धर्म का चोला ओढ़कर विदेशों और राजनीतिक दलों से फंडिंग लेते हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन को निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल जेल भेजना चाहिए। साथ ही यह भी आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर स्थित विद्यामठ समेत अन्य स्थानों पर यौन शोषण की घटनाएं हुई हैं।
उन्होंने यह भी दावा किया कि अविमुक्तेश्वरानंद के गुरु को शंकराचार्य की उपाधि नहीं मिली थी। इसके अलावा उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दलों से जुड़े नेता और वीआईपी लोग भी कथित कृत्यों में शामिल हैं। हालांकि, उन्होंने किसी का नाम सार्वजनिक रूप से नहीं लिया।
फोटो पर उठाया सवाल
प्रयागराज के एक पुलिस अधिकारी के साथ वायरल तस्वीर पर आशुतोष ने कहा कि वह एआई से तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि इस मामले में वे न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे। उनका कहना था कि वे न तो हिस्ट्रीशीटर हैं और न ही उनके खिलाफ कोई अपराध सिद्ध हुआ है, जबकि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर कई मुकदमे दर्ज हैं।
अखाड़ों से पहल की अपील
इधर, अयोध्या में श्रीसकट मोचन हनुमान किला के महंत परशुराम दास ने कहा कि इस विवाद को राजनीतिक रूप न देकर अखाड़ों को आगे आकर समाधान निकालना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे विवादों से संत समाज में कटुता बढ़ती है और सनातन धर्म की एकता प्रभावित होती है। मामले को लेकर फिलहाल जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।