पंचायत चुनाव ड्यूटी छोड़ प्रचार करने गया पोलिंग ऑफिसर सस्पेंड
- By Gaurav --
- Friday, 29 May, 2026
Polling Officer Suspended
हिमाचल प्रदेश में जारी पंचायत चुनावों के बीच अनुशासनहीनता और लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है। कांगड़ा जिले की फतेहपुर तहसील के अंतर्गत बगड़ोली पंचायत में तैनात एक पोलिंग ऑफिसर को ड्यूटी के दौरान चुनाव प्रचार में शामिल होने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, स्थाना पटवार सर्किल में कार्यरत पटवारी सुनील कुमार की ड्यूटी बगड़ोली पंचायत में पोलिंग ऑफिसर के रूप में लगाई गई थी। आरोप है कि बुधवार रात वह अपने ड्यूटी स्थल से अनुपस्थित पाए गए। इसी दौरान प्रशासन को शिकायत मिली कि वे अपने क्षेत्र में एक प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार कर रहे हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त कांगड़ा ने सुनील कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए। प्रशासन का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या पक्षपात को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
हालांकि, निलंबित कर्मचारी सुनील कुमार ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि उनकी तबीयत खराब थी, जिसके कारण वे ड्यूटी स्थल पर मौजूद नहीं रह सके। उन्होंने चुनाव प्रचार में शामिल होने के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है।
फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है। पंचायत चुनावों के दौरान इस तरह की घटना सामने आने के बाद चुनावी निष्पक्षता और कर्मचारियों की जिम्मेदारी को लेकर चर्चा तेज हो गई है।