यूपी में चंदे की राजनीति: बीजेपी बनी सबसे अमीर पार्टी, कांग्रेस दूसरे और 'आप' तीसरे स्थान पर
Politics of Donations in UP
मुरादाबाद। Politics of Donations in UP, भारतीय जनता पार्टी राजनीतिक चंदा हासिल करने में प्रदेश की सबसे बड़ी पार्टी बनकर सामने आई है। एडीआर (एसोसिएशन फार डेमोक्रेटिक रिफार्म्स) ने मार्च के अंत में राष्ट्रीय राजनीतिक दलों की 2024-25 की रिपोर्ट जारी की है। इसमें प्रति व्यक्ति अथवा संस्था से 20 हजार से अधिक चंदा मिलने के डाटा का विश्लेषण किया गया।
इसके मुताबिक प्रदेश में सभी राजनीतिक दलों को कुल 52.47 करोड़ रुपये चंदा मिला। इनमें भाजपा की हिस्सेदारी 65 प्रतिशत है।भाजपा को पिछले वित्तीय वर्ष में लगभग 34 करोड़ रुपये चंदा मिला। वहीं, कांग्रेस के हिस्से में 16 करोड़ रुपये आए। इसके मुकाबले आम आदमी पार्टी को 2.16 करोड़ रुपये का चंदा मिला।
बहुजन समाज पार्टी ने लगातार 19वें वर्ष चुनाव आयोग में दिए हलफनामे में 20 हजार रुपये से ज्यादा का चंदा किसी व्यक्ति या संस्था से नहीं मिलने की घोषणा की है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) को भी प्रदेश में 3.57 लाख रुपये का चंदा मिला है। मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) राष्ट्रीय दल न होने की वजह से इस सूची में शामिल नहीं है।
उप्र का 13वें स्थान पर
पूरे देश की बात करें तो राजनीति की धुरी कहा जाने वाला उत्तर प्रदेश चंदा देने वाले सभी राज्यों की सूची में 13वें स्थान (52.47 करोड़) पर है। राजनीतिक लिहाज से बेहद अहम बिहार 1.34 करोड़ रुपये चंदे के साथ 28वें स्थान पर है। उत्तराखंड का 3.22 करोड़ के साथ 23वां स्थान है। विभिन्न राज्यों में देश की राजधानी दिल्ली (2,639.481 करोड़) सबसे आगे है। दूसरे नंबर पर महाराष्ट्र (2,438.86 करोड़) व गुजरात (309.177 करोड़) तीसरे नंबर पर है।
जानें क्या है एडीआर
एडीआर भारत में चुनावी और राजनीतिक सुधारों पर काम करने वाला संगठन है। इसकी स्थापना वर्ष 1999 में हुई थी। यह मुख्य रूप से उम्मीदवारों के आपराधिक, वित्तीय और शैक्षिक पृष्ठभूमि के साथ-साथ राजनीतिक दलों के चंदे का विश्लेषण कर विश्वसनीय रिपोर्ट जारी करता है।