लुधियाना में भाजपा और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच बढ़ा राजनीतिक टकराव, प्रदर्शन के दौरान हुआ हंगामा
Political conflict escalates between BJP and Aam Aadmi Party
लुधियाना। पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा की प्रवर्तन निदेशालय द्वारा गिरफ्तारी के विरोध में रविवार को लुधियाना में राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमा गया। आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मॉडल टाउन डी ब्लॉक स्थित भाजपा कार्यालय के बाहर धरना देकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
हालात उस समय तनावपूर्ण हो गए जब आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का पुतला फूंक दिया। इसके बाद कुछ कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय के अंदर जाने की कोशिश की। इस पर भाजपा कार्यकर्ता भी बाहर आ गए और दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। देखते ही देखते माहौल गरमा गया और दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नारेबाजी और धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
स्थिति बिगड़ती देख मौके पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए दोनों पक्षों को अलग किया और भाजपा कार्यालय का दरवाजा बंद कर दिया ताकि कोई भी प्रदर्शनकारी अंदर न जा सके। करीब आधे घंटे तक इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। हालांकि पुलिस की सक्रियता के चलते स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया।

लुधियाना में भाजपा व आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता के बीच टकराव।
आप नेताओं ने भाजपा पर लगाए आरोप
आप के प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता भी शामिल रहीं। प्रदर्शन का नेतृत्व पार्टी के शहरी अध्यक्ष जतिंदर खंगूड़ा कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार विपक्षी नेताओं को दबाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि मंत्री संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी पूरी तरह राजनीतिक बदले की कार्रवाई है और भाजपा आम आदमी पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता से घबराई हुई है।
वहीं भाजपा कार्यालय में प्रदेश महासचिव अनिल सरीन, जिला प्रधान रजनीश धीमान और प्रवीण बांसल सहित कई नेता मौजूद रहे। भाजपा नेताओं ने आम आदमी पार्टी पर झूठी राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कानून अपना काम कर रहा है और यदि किसी पर भ्रष्टाचार के आरोप हैं तो जांच एजेंसियों को कार्रवाई करने का पूरा अधिकार है।
भाजपा नेताओं ने भ्रष्टाचार के लगाए आरोप
भाजपा नेताओं ने कहा कि पंजाब सरकार के कई नेता और मंत्री पहले भी भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे रहे हैं। अब जब कार्रवाई हो रही है तो आम आदमी पार्टी बौखलाहट में सड़कों पर उतर रही है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब की जनता सब कुछ देख रही है और आने वाले विधानसभा चुनाव में इसका जवाब देगी।
दूसरी ओर आम आदमी पार्टी के नेताओं ने साफ किया कि यदि विपक्षी नेताओं पर इसी तरह कार्रवाई जारी रही तो पार्टी आने वाले दिनों में संघर्ष और तेज करेगी। पुलिस प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।