Police Version Emerges in Hisar Row

हिसार विवाद में पुलिस का पक्ष सामने, दुष्यंत चौटाला के काफिले पर सुरक्षा नियम तोड़ने के आरोप

pp

Police Version Emerges in Hisar Row

हिसार में पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला और सीआईए इंस्पेक्टर के बीच हुए विवाद के मामले में अब पुलिस का पक्ष सामने आया है। हिसार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दुष्यंत चौटाला को वाई श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है, जिसमें पायलट गाड़ी का कोई प्रावधान नहीं होता। ऐसे में काफिले में प्राइवेट पायलट गाड़ी का इस्तेमाल सुरक्षा नियमों का उल्लंघन माना जा रहा है।

मामले की जांच कर रही एसआईटी के प्रमुख और डीएसपी कमलजीत ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि काफिले में शामिल पायलट गाड़ी का चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था और उसने सीआईए की गाड़ी को कई बार ओवरटेक करने की कोशिश की।

पुलिस के मुताबिक, सब्जी मंडी पुल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज में भी चालक का जोखिमपूर्ण ड्राइविंग करना सामने आया है, जिससे हादसे की आशंका पैदा हो गई थी। इसी स्थिति में सीआईए इंस्पेक्टर पवन ने गाड़ी रुकवाकर चालक को समझाने की कोशिश की।

पुलिस ने यह भी आरोप लगाया है कि इस दौरान दिग्विजय चौटाला ने मौके पर मौजूद सीआईए सब-इंस्पेक्टर राजकुमार के साथ अभद्र व्यवहार किया। डीएसपी कमलजीत ने कहा कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि यह विवाद उस समय सामने आया जब दुष्यंत चौटाला अपने भाई और समर्थकों के साथ गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय में हुए हंगामे के विरोध में हिसार पहुंचे थे। इस दौरान काफिले को रोकने और हथियार दिखाने के आरोप भी लगे, जिसके वीडियो सामने आने के बाद मामला राजनीतिक रूप ले गया। अब पुलिस के बयान और सीसीटीवी फुटेज सामने आने से जांच और तेज हो गई है।