सितारगंज कोतवाली में थाना दिवस का आयोजन, जनसमस्याओं के समाधान पर जोर
Police Station day Organised in Sitarganj Kotwali
सितारगंज। Police station day organised in Sitarganj Kotwali: सितारगंज कोतवाली प्रभारी सुंदरम शर्मा की अध्यक्षता में कोतवाली में थाना दिवस का आयोजन किया गया।
इस दौरान क्षेत्र से आए फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनी गईं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए।
कोतवाल सुंदरम शर्मा ने कहा कि थाना दिवस का उद्देश्य जनता और पुलिस के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना है, ताकि लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान हो सके।
उन्होंने फरियादियों को भरोसा दिलाया कि सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
थाना दिवस में भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट और अन्य मामलों से जुड़ी शिकायतें सामने आईं, जिन पर मौके पर ही कई मामलों का निस्तारण किया गया। शेष मामलों में शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष रवि रस्तोगी ने भी अपनी बात रखी। उन्होंने शिक्षक कॉलोनी स्थित फोर्थ क्लास की बिल्डिंग में युवाओं द्वारा नशे के इंजेक्शन लगाने पर गंभीर चिंता जताई।
रस्तोगी ने बताया कि इस संबंध में कई बार पुलिस को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है।
इस दौरान पुलिस गश्त बढ़ाने तथा मेडिकल स्टोरों पर नशीले इंजेक्शन की खुलेआम बिक्री पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की गई।
भाजपा नेता महेश मित्तल ने कहा कि हाईवे पर संचालित शराब भट्टी के समीप रोड पर जाम की स्थिति बनी रहती है। लोग विपरीत दिशा में वाहनों को खड़ा करते हैं।
वार्ड सभासद चंदन श्रीवास्तव ने कहा कि गुरुद्वारा मार्ग पर अतिक्रमण होने से श्मशान घाट का मार्ग संकरा रहता हैं। वाहनों को भी लोग सड़क किनारे खड़ा कर देते हैं। जिससे शवों को ले जाने में समय प्रभावित होता हैं। वर्तमान में चल रही बोर्ड परीक्षाओं के दृष्टिगत ध्वनि प्रदूषण रोकने की मांग की गई।
थाना दिवस में मौजूद अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता सुरेश जैन, अनिरुद्ध राय, दीपक गुप्ता, शिवपाल सिंह चौहान, सतीश उपाध्याय, सुमन राय, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा मण्डल अध्यक्ष शहनवाज हुसैन, बीडीसी सदस्य जाहिद मलिक, प्रधान अफसर अली सहित रेहान अंसारी, फुरकान मालिक, फैज आलम व वसीम मियां आदि मौजूद थे।