पूर्णिया में पुलिस-अपराधी मुठभेड़: गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला विश्वविद्यालय इलाका, 5 कुख्यात गिरफ्तार
Police-Criminal Encounter in Purnia
पूर्णिया में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई।
पांच कुख्यात अपराधी गिरफ्तार, हथियार भी बरामद किए गए।
पुलिस ने बड़ी आपराधिक साजिश को सफलतापूर्वक नाकाम किया।
पूर्णिया। Police-Criminal Encounter in Purnia, शहर के कॉलेज चौक इलाके में रविवार देर शाम उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका दहल उठा। पूर्णिया विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार के सामने एक निर्माणाधीन मकान में छिपे अपराधियों और पुलिस के बीच सीधी मुठभेड़ हो गई। इस दौरान अपराधियों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस पर ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभाल लिया।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
एसपी स्वीटी सहरावत ने बताया कि के. हाट थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मधुबनी और सरसी थाना क्षेत्र के कुख्यात अपराधी सफेद रंग की स्कॉर्पियो और फॉर्च्यूनर से विश्वविद्यालय गेट के पास एक निर्माणाधीन मकान में जुटे हैं। सूचना मिलते ही के. हाट और मधुबनी थाना की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी।
फायरिंग से मचा हड़कंप
पुलिस को देखते ही अपराधियों ने हवाई फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से विश्वविद्यालय और कॉलेज चौक क्षेत्र में दहशत फैल गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की और साहसिक तरीके से अपराधियों को घेर लिया।
पांच अपराधी गिरफ्तार
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने पांच अपराधियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। इनमें सिद्धू सिंह उर्फ सीटू सिंह (सरसी, पूर्णिया), मुकेश सिंह (कासगंज, उत्तर प्रदेश), नरसिंह (एटा, उत्तर प्रदेश), रूपेश कुमार यादव (नवगछिया, भागलपुर) और शुभम कुमार (कटिहार) शामिल हैं। हालांकि, गिरोह का एक सदस्य साहिल सौरव अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
भारी मात्रा में हथियार बरामद
पुलिस ने घटनास्थल से दो राइफल (315 बोर), 53 जिंदा कारतूस और दो खोखा बरामद किया है। इसके अलावा दो लग्जरी गाड़ियां भी जब्त की गई हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि जिस मकान में अपराधी छिपे थे, उसका मालिक साहिल सौरव हाल ही में एक अन्य गोलीबारी मामले में जमानत पर बाहर आया था।
बड़ी साजिश का अंदेशा
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। पूछताछ में उत्तर प्रदेश के शार्प शूटरों से उनके संबंधों की भी जांच की जा रही है। सभी आरोपियों से गोपनीय स्थान पर पूछताछ जारी है।
सुरक्षा बढ़ाई गई
घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फारेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस की तत्परता से एक बड़ी आपराधिक घटना टल गई, जिससे शहरवासियों ने राहत की सांस ली है।