वाराणसी में PM मोदी का स्वदेशी संकल्प: ‘वोकल फॉर लोकल’ के साथ आत्मनिर्भर भारत की पुकार
PM Modi's Swadeshi Sankalp in Varanasi
वाराणसी। PM Modi's Swadeshi Sankalp in Varanasi: अमेरिका के साथ टैरिफ को लेकर चल रहे तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को काशी से देशवासियों से स्वदेशी अपनाने का आह्वान किया है। कहा-देशवासी स्वदेशी का संकल्प लें कि वे आज से उन वस्तुओं को ही खरीदेंगे, जिसे बनाने में भारत का पसीना बहा है।
यह जिम्मेदारी देश के लोगों को लेनी होगी कि आज से ही हमारे घर में जो नया सामान आएगा, वह स्वदेशी ही होगा। उन्होंने ट्रंप और अमेरिका का जिक्र किए बिना कहा- 'इस समय वैश्विक अस्थिरता का माहौल है। सभी देश अपने-अपने हितों पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।
भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है, इसलिए अपने आर्थिक हितों के प्रति हमें सजग रहना होगा। हमें वोकल फार लोकल के मंत्र को अपनाना होगा। हम मेक इन इंडिया को बढ़ावा देंगे।' सेवापुरी के बनौली गांव में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने आपरेशन सिंदूर को लेकर संसद में बयान के लिए कांग्रेस और सपा को भी निशाने पर रखा।
कहा कि 140 करोड़ देशवासियों की एकता आपरेशन सिंदूर की ताकत बनी। दुर्भाग्य से आपरेशन सिंदूर की सफलता से हमारे देश के ही कुछ लोगों के पेट में दर्द हो रहा है। कांग्रेस ने हमारे जवानों के पराक्रम का लगातार अपमान किया और आपरेशन सिंदूर को तमाशा कहा है। क्या सिंदूर कभी तमाशा हो सकता है?
हमारी सेना के पराक्रम, बहनों का सिंदूर उजाड़ने वालों से बदला लिए जाने को तमाशा कहने की निर्लज्जता और वोट बैंक के लिए तुष्टीकरण की राजनीति में सपा भी पीछे नहीं है। सपा नेता संसद में कह रहे थे कि पहलगाम के आतंकी को क्यों मारा? क्या आतंकियों को भी मारने के लिए इंतजार करना चाहिए था? नया भारत भोलेनाथ को पूजता है तो समय आने पर दुश्मनों के सामने कालभैरव भी बन जाता है। आज भारत पर जो वार करेगा, पाताल में भी नहीं बचेगा। आपरेशन सिंदूर में विश्व ने हमारे स्वदेशी हथियारों की क्षमता देखी।
हमारी वायु रक्षा प्रणालियों, मिसाइलों और ड्रोनों ने 'आत्मनिर्भर भारत' की ताकत साबित की है, विशेष रूप से ब्रह्मोस मिसाइलों ने। इस मिसाइल का निर्माण अब लखनऊ में किया जाएगा। पाकिस्तान ने फिर कोई पाप किया तो उत्तर प्रदेश में बनी मिसाइल आतंकियों को तबाह कर देंगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारे लिए किसान, लघु उद्योग, युवाओं का रोजगार ही सर्वोपरि है।
जनधन खातों से आए बदलाव का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य है, जो जितना पिछड़ा उसे उतनी प्राथमिकता मिले। इसी उद्देश्य के तहत 10 वर्ष पहले 55 करोड़ गरीबों के जनधन खाते खोले गए। बैंक का नियम है कि 10 वर्षों बाद नए सिरे से केवाईसी के सत्यापन की आवश्यकता होती है। इसके लिए बीते एक जुलाई से राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू किया गया है।
बैंक के लोग केवाईसी करने के लिए हर ग्राम पंचायत तक पहुंच रहे हैं। बीते एक माह में एक लाख ग्राम पंचायतों में जा चुके हैं। लाखों लोगों की केवाईसी की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। सबसे अपील है कि वे जनधन खातों की केवाईसी की प्रक्रिया पूर्ण करा लें।
20वीं किस्त जारी कर मोदी बोले- पक्के इरादों का उदाहरण बनी किसान सम्मान निधि
प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर किसान सम्मान निधि योजना की 20वीं किस्त के तहत 9.70 करोड़ किसानों के खाते में 20,500 करोड़ रुपये आनलाइन ट्रांसफर किए। कहा कि किसान सम्मान निधि सरकार के पक्के इरादों का उदाहरण बन चुकी है। 2019 में जब यह योजना शुरू हुई थी तो सपा, कांग्रेस जैसे विकास विरोधी दलों ने कहा था कि चुनाव के बाद सब बंद हो जाएगा। सरकार ने जो पैसा जमा कराया है, वह भी ले लेगी।
अब तक पौने चार लाख करोड़ रुपये देश के किसानों के खाते में भेजे जा चुके हैं। उप्र के ढाई करोड़ किसानों को इसका लाभ मिला है और उनके खाते में 90 हजार करोड़ रुपये से अधिक भेजे गए हैं। यह पैसा किसी कट या कमीशन के बिना सीधे खाते में गया है। पीएम ने विकास की दौड़ में पिछड़े क्षेत्रों के लिए शुरू की गई प्रधानमंत्री धन धान्य कृषि योजना का भी जिक्र किया।
कहा कि इसके तहत किसानों के कल्याण और कृषि के विकास के लिए 24 हजार करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। हम बीज से बाजार तक किसानों के साथ मजबूती से खड़े हैं। सरकार तीन करोड़ लखपति दीदी बनाने जा रही है। अब तक डेढ़ करोड़ लखपति दीदी बन चुकी हैं। सपा वाले यह आंकड़ा सुनकर ही साइकिल लेकर भाग जाएंगे। मोदी ने 2183.45 करोड़ रुपये की 52 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास भी किया, बुजुर्गों व दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए।
दुश्मन के घर में घुसकर खात्मा करने का माद्दा रखता है नया भारतः योगी
वाराणसी : जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दुनिया ने आपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारत की शक्ति व सामर्थ्य का अहसास किया है। नया भारत पहलगाम के अपराधियों को मिट्टी में मिलाकर और दुश्मन के घर में घुसकर उसका खात्मा करने का माद्दा रखता है। आपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद प्रधानमंत्री मोदी का काशी आगमन हुआ है। प्रधानमंत्री विश्व के सबसे लोकप्रिय राजनेता हैं।
पिछले 11 वर्षों में चार दर्जन से अधिक देशों ने उन्हें अपना सर्वोच्च नागरिक सम्मान समर्पित किया है। लोक कल्याण और विश्व कल्याण के लिए दुनिया उनकी दूरदर्शिता का लोहा मानती है। जुलाई में घाना, त्रिनिदाद-टोबैगो, नामीबिया, ब्राजील ने सर्वोच्च नागरिक सम्मान प्रधानमंत्री मोदी को समर्पित करके 140 करोड़ भारतवासियों का गौरव बढ़ाया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने देश के लगभग 10 करोड़ किसानों को सम्मान निधि देने के लिए काशी को चुना है। यह पहली बार हो रहा होगा, जब कोई प्रधानमंत्री अपने क्षेत्र में 51वीं बार उपस्थित हुए होंगे। भारत की कल्पना को साकार करने में दिव्यांगजन का भी बड़ा योगदान है। दिव्यांग प्रधानमंत्री मोदी का दिया शब्द है। इस आत्मीयता के माध्यम से दिव्यांगजन के जीवन में आशा और उत्साह का संचार होने के साथ ही उन्हें जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त हो रहा है।