देवभूमि में PM मोदी का 'शक्ति' प्रदर्शन: 13 किमी लंबा रोड शो और एक्सप्रेसवे का लोकार्पण; 'डाट काली' मंदिर में पूजा से होगी शुरुआत

देवभूमि में PM मोदी का 'शक्ति' प्रदर्शन: 13 किमी लंबा रोड शो और एक्सप्रेसवे का लोकार्पण; 'डाट काली' मंदिर में पूजा से होगी शुरुआत

PM Modi Show of Strength in the Land of Gods

PM Modi's 'Show of Strength' in the 'Land of Gods'

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 14 अप्रैल का दौरा उत्तराखंड में भाजपा के लिए डबल इंजन के बूते विकास के एक्सप्रेसवे के साथ ही नारी सशक्तीकरण का शक्ति प्रदर्शन बनने जा रहा है।

महिला आरक्षण बिल के लिए संसद का विशेष सत्र की तैयारी के बीच हो रहे इस दौरे में पीएम मोदी के लगभग 13 किमी लंबे रोड शो से लेकर जनसभा में महिलाओं की बड़ी संख्या में भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।

दौरा शुरू होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी मां डाट काली मंदिर में शक्ति पूजा में सम्मिलित होंगे। धामी सरकार एवं प्रदेश संगठन ने रोड शो और जनसभा को सफल बनाने के लिए ताकत झोंक दी है। प्रधानमंत्री एलीवेटेड रोड पर वाइल्ड लाइफ के खूबसूरत नजारे का लुत्फ भी उठाएंगे।

कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के लोकार्पण को 14 अप्रैल को उत्तराखंड आ रहे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जा चुका है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष इसका प्रस्तुतीकरण किया गया। प्रधानमंत्री मोदी सुबह 10.30 बजे हवाई सेवा से जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे।

वहां से हेलीकाप्टर से सुबह 11 बजे गणेशपुर (उत्तर प्रदेश) पहुंचेंगे। वहां उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे। प्रधानमंत्री के वाहनों का काफिला सुबह 11 बजे से एलीवेटेड रोड के सफर पर निकलेगा। इस दौरान प्रधानमंत्री एलिवेटेड रोड पर करीब आधा घंटा रुक कर वाइल्ड लाइफ को देखेंगे। सुबह 11.45 बजे मां डाट काली मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना कर प्रसाद चढ़ाएंगे।

प्रधानमंत्री का रोड शो

इसके बाद प्रधानमंत्री का रोड शो प्रारंभ होगा। प्रधानमंत्री मोटर मार्ग से लगभग 13 किमी के रोड शो के बाद गढ़ी कैंट स्थित महिंद्रा ग्राउंड पहुंचेंगे। वहां दोपहर 1.30 बजे उनकी जनसभा होगी। रोड शो से लेकर जनसभा में महिलाओं की अच्छी-खासी संख्या में उपस्थित रहेंगी। संसद में महिला आरक्षण विधेयक को लेकर विशेष सत्र आहूत करने के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री मोदी के अभिनंदन के रूप में महिलाओं की उपस्थिति सुनिश्चित करने की मुहिम भाजपा महिला मोर्चा ने संभाली है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड से प्रधानमंत्री मोदी का विशेष लगाव है तो मातृशक्ति ने भी प्रधानमंत्री पर अपना विश्वास कभी डिगने नहीं दिया है। रोड शो से लेकर जनसभा में यह सबकुछ झलकेगा।