पेट्रोल-डीजल की कीमत बढ़ने से सरकार पर हमला; विपक्ष बोला- चुनाव खत्म होते ही जनता से वसूली शुरू, BJP ने कहा- थोड़े दाम बढ़ाए गए
Petrol Diesel Price Hike 3 Rupees Per Liter Opposition Attacks on Modi Govt
Petrol Diesel Price Hike: देश के लोग अभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान के बारे में चर्चा ही कर रहे थे, जिसमें उन्होंने पेट्रोल-डीजल कम से कम और जरूरत होने पर ही इस्तेमाल करने को कहा था की इसी बीच देश में पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा दिए गए। पेट्रोल और डीजल के दाम में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। इसके अलावा CNG के दाम भी 2 रुपए बढ़ा दिए गए हैं। जिससे आम लोगों को बड़ा झटका लगा है।
दाम बढ़ने से राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 94.77 रुपये से बढ़कर 97.77 रुपये प्रति लीटर हो गई है, जबकि डीज़ल की कीमत 87.67 रुपये से बढ़कर 90.67 रुपये प्रति लीटर हो गई है। इसके अलावा देश के कई राज्यों में पेट्रोल-डीजल के दाम और ज्यादा आसमान छू गए हैं। इधर पेट्रोल-डीजल एकदम महंगा किए जाने से जहां जनता पर महंगाई का बोझ पड़ गया है तो वहीं दूसरी तरफ विपक्ष ने सरकार के इस फैसले का विरोध शुरू कर दिया है।
कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, समाजवादी पार्टी, RJD और TMC समेत सभी विपक्षी दल पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाए जाने पर मोदी सरकार की घेराबंदी कर रहे हैं। राहुल गांधी और कांग्रेस ने सरकार के इस कदम को जनता से वसूली बताया है। राहुल का कहना है कि मोदी सरकार की गलती देश की जनता को चुकानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि 3 रुपये का झटका आ चुका है और बाकी वसूली क़िस्तों में की जाएगी।
कांग्रेस बोली- जनता पर हंटर चलाया
वहीं कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'महंगाई मैन' मोदी ने आज फिर जनता पर हंटर चलाया, पेट्रोल और डीजल 3-3 रुपए महंगा कर दिया गया, वहीं, CNG के दाम भी 2 रुपए बढ़ा दिए गए। कांग्रेस ने आगे लिखा, चुनाव खत्म - मोदी की वसूली शुरू''। वहीं इसी तरह से विपक्ष के अन्य राजनीतिक दलों ने भी पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने पर सरकार के ऊपर तीखी प्रतिक्रिया दी है।
RJD सांसद मनोज कुमार झा ने पेट्रोल-डीजल की कीमत पर बढ़ोतरी पर कहा, "इस सरकार को लोकसंवेदनाओं से कोई मतलब नहीं है। इस देश में 'एक राष्ट्र, एक चुनाव' से बहुत नुकसान होगा। मैं चाहता हूं कि 12 महीने चुनाव हो क्योंकि यह सरकार चुनाव से डरती है। झा ने कहा कि जिस तरह से ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है उसका कई क्षेत्रों पर प्रभाव पड़ेगा।''
इसी तरह दिल्ली AAP अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा, "मेरा मानना है कि आने वाले दिनों में यह दाम और बढ़ेंगे। देश की सरकार को जनता को बताना चाहिए कि इस वक्त क्या स्थिति है ताकि जनता साथ मिलकर कुछ कर सके। भारद्वाज ने कहा कि हमारा अंदेशा है कि आज हिंदुस्तान एक भारी आर्थिक संकट से गुजर रहा है। इसलिए देश की सरकार से अपील है कि जो भी सत्य है, वो देशवासियों को बताया जाए।''
अयोध्या से समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा, "डीजल, पेट्रोल की कीमत में भारी बढ़ोतरी हुई है। इस बढ़ोतरी से हमारे देश के नागरिकों पर बहुत भारी बोझ पड़ेगा। अर्थव्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है और विदेश नीति असफल हो गई है। महंगाई का सिलसिला रुकने वाला नहीं है। महंगाई और बढ़ेगी। उनके पास इसका कोई समाधान नहीं है।''
इसी तरह TMC नेता कुणाल घोष ने इस बढ़ोतरी पर कहा, "जिस तरह से पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़े हैं, हम उसका विरोध कर रहे हैं। सरकार की तरफ से पहले तो इसकी कोई योजना नहीं थी। घोष ने कहा कि 2014 से पहले पेट्रोल-डीजल के दाम क्या थे और आज क्या दाम हैं, उसकी तुलना करिए। भाजपा की सरकार आने के बाद देश में जनता महंगाई से त्रस्त हो गई है।''
BJP ने कहा- थोड़े दाम बढ़ाए गए
इधर विपक्ष के हमलावर होने पर बीजेपी ने अपनी सफाई दी है। पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने पर बीजेपी का कहना है कि और देशों में पहले ही दाम बढ़ाए जा चुके हैं वहां अन्य देशों में दाम काफी ज्यादा बढ़े हैं लेकिन भारत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता को महंगाई के बोझ से बचाते हुए पेट्रोल-डीजल के दाम लंबे तक नहीं बढ़ाए। लेकिन अब मजबूरी में थोड़े बढ़ाए गए हैं। इसीलिए पीएम मोदी ने लोगों से= पेट्रोल-डीजल कम से कम उपयोग करने की बात भी कही है।
बीजेपी नेता शाहनवाज हुसैन ने कहा, "जिस तरह के हालात पूरी दुनिया में हैं। पूरी दुनिया में पेट्रोल-डीजल और गैस के दाम बढ़े हुए हैं, उस तुलना में भारत में अभी भी बहुत कम दाम हैं। जनता पर कम से कम बोझ हो, इसके लिए सरकार जनता के साथ है। थोड़े दाम बढ़ाए गए हैं। जनता इसे समझती है। प्रधानमंत्री ने जो अपील की हैं, उसमें जनता सहयोग करेगी, तो हम इस संकट से निपट पाएंगे।''
इसी तरह उत्तर प्रदेश विधानसभा स्पीकर सतीश महाना ने कहा, "विगत कई महीनों से चल रहे संकट के कारण पूरी दुनिया प्रभावित है। बहुत सारे विकसित देशों में बहुत पहले ही पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ गए थे लेकिन प्रधानमंत्री मोदी की आर्थिक नीतियों ने इसे नियंत्रण में रखा। अब लोग खुद ही इस बात को समझ रहे हैं. प्रधानमंत्री मोदी ने एक अपील भी की है कि हम कैसे पेट्रोल-डीजल बचा सकते हैं।''
वहीं बीजेपी नेता आर.पी. सिंह ने कहा, "सरकार ने तो कुल 3 रुपए प्रति लीटर ही पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए हैं लेकिन पूरी दुनिया में बहुत ज्यादा दाम बढ़े हैं।'' इसी तरह बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने कहा, "सरकार ने इस कदम को अत्यंत मजबूरी के हालात में उठाया है। पूरी दुनिया में पेट्रोलियम पदार्थ का दाम बढ़ रहा है, इसके कारण पूरे विश्व में महंगाई का दर बढ़ रहा है और यह क्यों हो रहा है, यह सब जानते हैं।''
वहीं उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी पर कहा, "प्रधानमंत्री मोदी पर पूरा देश गर्व करता है। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में पेट्रोल और क्रूड की कीमतें आसमान छू रही हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने देश के लोगों से अपील की है और अपने खर्चों में कटौती करने की बात भी कही है... आज जो परिस्थिति बनी है वह अंतरराष्ट्रीय बाजारों में तेल के मूल्य बढ़ने पर बनी है। यह एक विवशता है''
इधर बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा, "यह एक वैश्विक संकट है। ईरान, इजराइल और अमेरिका के बीच युद्ध हुआ था और इसी कारण पेट्रोल और डीजल का दाम बढ़ा है। मजबूरी में सरकार को थोड़ा दाम बढ़ाना पड़ा है।" वहीं पश्चिम बंगाल के मंत्री दिलीप घोष ने कहा, "पिछले 3 सालों से दुनिया में युद्ध चल रहा है। इस कारण दूसरे देशों में कई प्रकार के संकट आए हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने हम पर आंच नहीं आने दी। केवल गैस का दाम बढ़ाया गया है। अब पेट्रोल-डीजल के लिए कम से कम दाम बढ़ाया गया है।''