IAS रिंकू सिंह राही के समर्थन में सड़कों पर उतरे लोग, जालौन में दोबारा SDM बनाने की उठी मांग

IAS रिंकू सिंह राही के समर्थन में सड़कों पर उतरे लोग, जालौन में दोबारा SDM बनाने की उठी मांग

1000259605

People take to the streets in support of IAS Rinku Singh Rahi

उत्तर प्रदेश कैडर के चर्चित आईएएस अधिकारी रिंकू सिंह राही के समर्थन में लोग सड़कों पर उतर आए हैं. शनिवार को जालौन के उरई कलेक्ट्रेट में सैकड़ों छात्रों, युवाओं और ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने जालौन चौराहे से कलेक्ट्रेट तक एक विशाल जुलूस निकाला और आईएएस रिंकू सिंह राही को दोबारा जालौन का एसडीएम नियुक्त करने की मांग करते हुए प्रशासन को ज्ञापन सौंपा.

भाजपा नेता से विवाद के बाद हुआ था तबादला

गौरतलब है कि हाल ही में भाजपा ब्लॉक प्रमुख रामराजा निरंजन से विवाद और कथित धक्का-मुक्की की घटना के बाद संयुक्त मजिस्ट्रेट/एसडीएम रिंकू सिंह राही का तबादला उरई कर दिया गया था. अब उनके तबादले के व‍िरोध व जालौन में वापस एसडीएम लगाए जाने की मांग को लेकर युवाओं के हाथों में 'सर का ट्रांसफर ईमानदारी पर धब्‍बा है'  के पोस्‍टर थे.  

ias rinku singh rahi

ias rinku singh rahi protest jalaun sdm reinstatement demand

जनता के बीच लोकप्रिय अधिकारी की छवि

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि अपने कार्यकाल के दौरान रिंकू सिंह राही ने निष्पक्षता, पारदर्शिता और ईमानदारी से कार्य किया. उन्होंने आम जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया, जिससे उनकी कार्यशैली की काफी सराहना हुई. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि 'थप्पड़ कांड' के बाद किए गए इस तबादले से क्षेत्र की जनता में भारी निराशा और असंतोष है.

युवाओं और छात्रों की सरकार से अपील

प्रदर्शन में शामिल छात्रा शिवांगी और ग्रामीण अमित कुमार ने कहा कि यदि ईमानदारी से काम करने वाले अधिकारियों का इस तरह स्थानांतरण किया जाएगा, तो इससे निष्ठावान अधिकारियों का मनोबल गिरेगा. छात्रों और युवाओं ने सरकार से जनभावनाओं का सम्मान करते हुए रिंकू सिंह राही को पुनः जालौन के एसडीएम पद पर तैनात करने की मांग की है.  

ias rinku singh rahi

ias rinku singh rahi protest jalaun sdm reinstatement demand

'नो वर्क-नो पे' और इस्तीफे के बाद यू-टर्न

बता दें कि प‍िछले द‍िनों आईएएस रिंकू सिंह राही ने इस्तीफा देकर भी सुर्खियां बटोरी थीं. पर्याप्त काम न मिलने और ‘नो वर्क-नो पे' की बात कहकर उन्होंने इस्तीफा दिया था तथा पीसीएस सेवा में लौटने की इच्छा जताई थी. हालांकि, कुछ ही दिनों बाद उन्होंने अपना इस्तीफा वापस ले लिया था.

वकीलों से विवाद और उठक-बैठक का पुराना मामला

उत्तर प्रदेश कैडर के 2023 बैच के आईएएस अधिकारी रिंकू सिंह राही मूल रूप से यूपी के हाथरस जिले के रहने वाले हैं. उन्होंने वर्ष 2004 में पीसीएस परीक्षा पास की थी. शाहजहांपुर में तैनाती के दौरान खुले में पेशाब कर रहे कचहरी के एक मुंशी से उठक-बैठक कराने पर उनका वकीलों से विवाद हो गया था, जिसके बाद परिस्थितियोंवश उन्हें खुद वकीलों के सामने उठक-बैठक करनी पड़ी थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था.