पर्ल ग्रुप जमीन मामला: रायपुर रानी के तहसीलदार विक्रम सिंगला सस्पेंड, ACB रिमांड पर
Pearl Group land case: Raipur Rani Tehsildar Vikram Singla suspended, on ACB remand
हरियाणा के पंचकूला जिले की रायपुर रानी तहसील के तहसीलदार विक्रम सिंगला को राजस्व विभाग ने सस्पेंड कर दिया है। उनका मुख्यालय फतेहाबाद तय किया गया है और वे डीसी की अनुमति के बिना मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे। फिलहाल वे पंचकूला एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) के रिमांड पर हैं।
ACB ने कोर्ट से 7 दिन के पुलिस रिमांड की मांग की थी, लेकिन बचाव पक्ष के विरोध के बाद कोर्ट ने 2 दिन का रिमांड मंजूर किया। बचाव पक्ष का तर्क था कि न तो कोई रिकवरी हुई है और न ही एफआईआर में पैसों के लेन-देन या किसी शिकायतकर्ता का जिक्र है।

मामला पर्ल ग्रुप से जुड़ी जमीन की रजिस्ट्री से संबंधित है, जिस पर सुप्रीम कोर्ट का स्टे बताया जा रहा है। तहसीलदार ने एसडीएम कार्यालय के एक पत्र के आधार पर स्टे हटने का दावा कर रजिस्ट्री की थी, लेकिन एसडीएम ने ऐसे किसी पत्र पर हस्ताक्षर से इनकार कर दिया। इसके बाद ACB ने जालसाजी और फर्जी दस्तावेज तैयार करने की धाराएं भी जोड़ दी हैं।
रिमांड के दौरान मामले में अन्य अधिकारियों की भूमिका सामने आने की संभावना जताई जा रही है। पूरे मामले की तस्वीर रिमांड खत्म होने के बाद साफ होने की उम्मीद है।