चिनहट CHC में डिप्टी सीएम का 'छापा': मास्क लगाकर कतार में खड़े हुए ब्रजेश पाठक; गंदगी देख सफाई एजेंसी का भुगतान रोका

चिनहट CHC में डिप्टी सीएम का 'छापा': मास्क लगाकर कतार में खड़े हुए ब्रजेश पाठक; गंदगी देख सफाई एजेंसी का भुगतान रोका

PRAGYA-GIF-(79)-1773672453111-1773672751757

Payment to Cleaning Agency Withheld After Spotting Filth

  1. नोटिस व एक हफ्ते का भुगतान काटने के दिए निर्देश

  2. मास्क लगाकर मरीजों की कतार में खड़े हुए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक

  3. वार्ड में बिना चादर के बेड और शौचालय की बदहाली पर जताई नाराजगी

लखनऊ। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक एक बार फिर औचक निरीक्षण के मोड में आ गए हैं। डिप्टी सीएम ने सोमवार को लखनऊ में सीएचसी चिनहट का निरीक्षण किया। आम मरीज बनकर पहुंचे ब्रजेश पाठक गंदगी और लापरवाही देखकर काफी भड़के। अब इस प्रकरण में गैरजिम्मदारों पर कार्रवाई तय है।

उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक सोमवार को लखनऊ में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र,चिनहट पहुंचे। उनके इस औचक निरीक्षण से अस्पताल प्रशासन में खलबली मच गई। निरीक्षण के दौरान अव्यवस्थाओं का अंबार देख उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।

भुगतान काटने का निर्देश

चिनहट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में सोमवार को सफाई व्यवस्था, वार्डों की बदहाली और लापरवाही पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भड़क उठे। निरीक्षण के दौरान जनरल वार्ड में कई बेड पर चादर नहीं मिली और अस्पताल परिसर में गंदगी देख उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। डिप्टी सीएम ने जिम्मेदारों को नोटिस देने और सफाई एजेंसी का एक सप्ताह का भुगतान काटने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि जब तक अस्पताल में साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त नहीं होगी, तब तक संबंधित अधिकारी घर नहीं जाएंगे।

मरीज बनकर पहुंचे अस्पताल

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक सोमवार को अचानक चिनहट सीएचसी पहुंच गए। मुंह पर मास्क लगाकर सबसे पहले पर्चा काउंटर पर मरीजों के बीच जाकर कतार में खड़े हो गए। इस दौरान उन्होंने मरीजों से अस्पताल की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी भी ली। इसके बाद वह पैथोलॉजी विभाग पहुंचे। यहां मरीजों की लंबी कतार लगी थी। उन्होंने टेक्नीशियन से पूछा कि एक मरीज का रक्त नमूना लेने में कितना समय लगता है। जवाब मिलने के बाद उन्होंने जांच प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। ताकि मरीजों को ज्यादा देर तक इंतजार न करना पड़े।

एक्स-रे कक्ष के आसपास धूल

निरीक्षण के दौरान एक्स-रे कक्ष के आसपास धूल-गर्दा दिखाई दी। इस पर उन्होंने तुरंत सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने वहां रखी अलमारी खोलकर स्टॉक भी जांचा। इसके बाद वह ओपीडी कक्ष नंबर 5 में पहुंचे और डॉक्टर से अस्पताल की व्यवस्थाओं और मरीजों की संख्या के बारे में जानकारी ली।

वार्ड में कई बेड पर चादर नहीं

डिप्टी सीएम जब जनरल वार्ड नंबर 28 पहुंचे तो वहां की स्थिति देखकर नाराज हो गए। वार्ड में कई बेड पर चादर नहीं बिछी थी। साफ-सफाई भी संतोषजनक नहीं थी। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि मरीजों की देखभाल में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

गंदगी और बदइंतजामी पर कार्रवाई

निरीक्षण के दौरान उन्होंने शौचालयों की स्थिति भी देखी, जो संतोषजनक नहीं मिली। इस पर उन्होंने अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। हालांकि फायर एस्टिंग्यूसर सिलेंडर की एक्सपायरी डेट जांचने पर वह सही पाई गई।

मोबाइल दुरुस्त करने के दिए निर्देश

केंद्र के सभागार में उस समय आशा कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा था। आशाओं ने डिप्टी सीएम को बताया कि उनके मोबाइल फोन खराब हैं। जिससे काम में दिक्कत हो रही है। इस पर डिप्टी सीएम ने तुरंत सीएमओ डॉ. एनबी सिंह को फोन लगाकर मोबाइल ठीक कराने या बदलने के निर्देश दिए। साथ ही आशा कार्यकर्ताओं का बकाया भुगतान भी तत्काल कराने को कहा। सीएमओ को तत्काल सीएचसी पहुंचकर समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए।

मरीजों से लिया सीधा फीडबैक

मंत्री ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से सीधा संवाद किया। उन्होंने पूछा कि क्या डॉक्टर समय पर आते हैं और दवाइयां मुफ्त मिल रही हैं या नहीं। उन्होंने अधीक्षक को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि मरीजों की सेवा में कोई भी कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने एक हफ्ते के भीतर व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर रिपोर्ट पेश करने का आदेश दिया है।

पीने के पानी पर जताई नाराजगी

निरीक्षण के दौरान पीने के पानी की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। पानी की पाइप को जाली से बांधकर रखा गया था और आसपास गंदगी थी।

इस पर डिप्टी सीएम ने सख्त नाराजगी जताते हुए कहा कि अस्पताल में साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।