Patwari and Kanungo Union Announces

पंजाब में पटवारी-कानूनगो की हड़ताल का ऐलान, 9-10 अप्रैल को तहसीलों में रोष प्रदर्शन

pp

Patwari and Kanungo Union Announces

‘द रेवेन्यू पटवार यूनियन पंजाब’ के पदाधिकारियों की एक अहम बैठक लुधियाना में पंजाब प्रधान बलराज सिंह औजला और जिला प्रधान निर्मल सिंह रंधावा की अगुवाई में हुई। बैठक के दौरान यूनियन ने घोषणा की कि लंबे समय से लंबित मांगों को पूरा न किए जाने के विरोध में पटवारी और कानूनगो 9 और 10 अप्रैल को पंजाब की सभी तहसीलों में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक हड़ताल कर रोष प्रदर्शन करेंगे।

यूनियन नेताओं ने बताया कि पिछले कई वर्षों से पटवारियों की कानूनगो के पद पर पदोन्नति रुकी हुई है, जबकि कानूनगो के कई पद खाली पड़े हैं। इसके अलावा नई भर्ती न होने के कारण एक-एक पटवारी के पास कई सर्कल आ गए हैं, जिससे काम का बोझ लगातार बढ़ रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि कई पटवारखानों में बुनियादी सुविधाओं की कमी है और महिला पटवारियों के लिए शौचालय तक की व्यवस्था नहीं है। यूनियन के अनुसार, कई बार मांग-पत्र देने के बावजूद सरकार ने इस मुद्दे पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।

नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन की ओर से अतिरिक्त ड्यूटी लगाने के कारण दफ्तर का नियमित काम भी प्रभावित हो रहा है। यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

बैठक में खजानची नरिंदर सिंह, नोबलजीत सिंह घुम्मन, नरेश कुमार, जसप्रीत सिंह जस्सी, सुखविंदर सिंह भुल्लर, नवदीप सिंह, सुखविंदर सिंह सोढ़ी, करण जसपाल सिंह विर्क, सुखप्रीत सिंह, बलजिंदर सिंह, विपिन ढंड, जुगराज सिंह, अंकुर कुमार, परमिंदर सिंह और मनदीप सिंह समेत कई पटवारी मौजूद रहे।