पटना रामनवमी महोत्सव 2026: ऐतिहासिक शोभायात्रा और सांस्कृतिक संगम की तैयारी
Patna Ram Navami Festival 2026
पटना। Patna Ram Navami Festival 2026, श्री श्री रामनवमी शोभायात्रा अभिनंदन समिति की ओर से रामनवमी महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इसकी जानकारी गुरुवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं समिति के संयोजक नितिन नवीन ने संवाददाता सम्मेलन में दी।
उन्होंने कहा कि रामनवमी का पर्व भारतीय संस्कृति, आस्था और मर्यादा का प्रतीक है। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा के साथ सांस्कृतिक एकता का संदेश प्रसारित करते हैं। इस वर्ष रामनवमी शोभायात्रा को ऐतिहासिक और यादगार बनाने की तैयारी की गई है।
शोभायात्रा में विशेष आकर्षण के रूप में टीवी धारावाहिक रामायण में भगवान श्रीराम की भूमिका निभाने वाले अरुण गोविल रहेंगे। साथ ही कलाकार सह सांसद मनोज तिवारी भी शामिल होंगे। नितिन नवीन ने बताया कि श्रीराम चौक डाकबंगला पर दो दिशाओं से शोभायात्राएं पहुंचती हैं।
मुख्य मंच के सामने भीड़ का अधिक दबाव रहता है। वहीं इस दौरान मुख्य मंच पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा आदि मंच से शोभायात्राओं का अभिनंदन और आरती उतारेंगे।
मुंबई की बैंड पार्टी रहेगा आकर्षण
डाकबंगला यानी श्रीराम चौक को कोतवाली और स्टेशन गोलंबर तक चंदन नगर के लाइट से सजाया जा रहा है। सांसद व अभिनेता मनोज तिवारी मौके पर श्रीराम भजनों से श्रद्धालुओं का मन मोहेंगे। वहीं प्रभु राम और रामायण के विविध प्रसंगों पर आधारित झांकियों के साथ सभी शोभायात्राएं आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
कार्यक्रम में मुंबई की बैंड पार्टी, झारखंड की नृत्य मंडली, काशी से गंगा आरती की टीम और सिख समुदाय के निहंगों का प्रदर्शन भी होगा। वहीं पूरे शहर को आकर्षक तोरण द्वार, रोशनी और राम ध्वज से सजाया जा रहा है। मुख्य आयोजन स्थल के मंच को भगवान श्रीराम और हनुमान जी की आकृतियों से आकर्षक रूप गया है।
आठ झांकियों से शुरू हुई शोभायात्रा
रामनवमी पर पटना में निकलने वाली झांकियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। वर्ष 2011 तक में आठ झांकियां निकलती थीं। जो 2025 में बढ़कर 50 के करीब पहुंच गई। वहीं इस वर्ष 55 स्थानों से झांकिया निकाली जाएगी। इन 16 वर्षों में झांकियों के प्रस्तुति में काफी बदलाव आया है।
श्री श्री रामनवमी शोभायात्रा अभिनंदन समिति की ओर से शहर के विभिन्न मोहल्लों से निकलने वाली झांकियों का स्वागत डाकबंगला चौराहा पर करने की परंपरा है। आयोजन समिति के जगजीवन सिंह ने बताया कि पहले 2011 में झांकियों के आयोजन व स्वागत में बीस हजार रुपये खर्च हुए थे। इस वर्ष आयोजन का बजट करीब 90 लाख से ज्यादा अनुमानित है।
हजारीबाग की तर्ज पर झांकी का हुआ शुरूआत
रामनवमी पर हजारीबाग में निकलने वाली झांकियों की तर्ज पर पटना में झांकियों की परंपरा की शुरूआत हुई थी। राजधानी में रामनवमी पर पहले से झांकियां निकलती आ रही है। वर्ष 2011 में विभिन्न मोहल्लों से स्थानीय कलाकारों की झांकियों को श्रीश्री रामनवमी शोभायात्रा अभिनंदन समिति ने व्यवस्थित किया।