पटना नगर निगम बजट 2026: ₹2914 करोड़ का 'स्मार्ट' रोडमैप और आधुनिक सुविधाओं पर जोर

पटना नगर निगम बजट 2026: ₹2914 करोड़ का 'स्मार्ट' रोडमैप और आधुनिक सुविधाओं पर जोर

Patna Municipal Corporation Budget 2026

Patna Municipal Corporation Budget 2026

पटना। Patna Municipal Corporation Budget 2026, पटना नगर निगम की पांचवीं विशेष बजट बैठक 2026- 27-28 मार्च को होटल लेमन ट्री में आयोजित होगी। बैठक में करीब 2914 करोड़ रुपये के प्रस्तावित बजट पर चर्चा के बाद अंतिम मुहर लगाई जाएगी। यह बजट पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में 69 करोड़ रुपये अधिक है। इस बार नगर निगम ने बजट में आधुनिक सुविधाओं को प्राथमिकता दी है।

वाई-फाई और हार्वेस्टिंग सिस्टम पर दिया जाएगा जोर

प्रस्तावित योजनाओं के तहत शहर में पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रमुख चौराहों पर ‘प्रेस बटन’ आधारित सिग्नल सिस्टम लगाने की तैयारी है, जिससे लोग बटन दबाकर ट्रैफिक रोक सकेंगे और सुरक्षित रूप से सड़क पार कर पाएंगे।

इसके अलावा शहर में नि:शुल्क वाई-फाई सुविधा, प्रत्येक अंचल में शव वाहन (स्वर्ग रथ) की व्यवस्था और जल संरक्षण के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम विकसित करने पर जोर दिया गया है।

नगरपालिका बॉन्ड लाने की योजना 

बजट में शहर के सौंदर्यीकरण, वेंडिंग जोन के निर्माण, नई सड़कों पर स्ट्रीट लाइट लगाने, कचरा प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित करने और नगरपालिका बॉन्ड लाने जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं भी शामिल हैं।

30 मार्च को स्थायी समिति की बैठक

पटना नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति की 21वीं बैठक 30 मार्च को महापौर सीता साहू की अध्यक्षता में महापौर कार्यालय में होगी। बैठक में 18 एजेंडों पर चर्चा की जाएगी। इसमें 27 फरवरी 2026 को हुई 20वीं बैठक की कार्यवाही की पुष्टि के साथ ही विभिन्न परामर्शी नियुक्तियों और विकास योजनाओं पर विचार होगा।

वार्ड संख्या पांच में स्वीकृत योजनाओं के अलावा गाय घाट में सामुदायिक शौचालय, सेप्टिक टैंक, सोख पिट निर्माण और बोरिंग कार्य जैसे प्रस्ताव एजेंडे में शामिल हैं। वहीं, टैक्स कलेक्शन चैंबर में फॉल्स सीलिंग, मुख्य गेट की मरम्मत और भद्र घाट पर गंगा दशहरा के अवसर पर अस्थायी बैरिकेडिंग व घाट सुधार कार्य पर भी निर्णय लिया जाएगा।

इसके साथ ही विभिन्न वार्डों में सड़क व नाला निर्माण, स्ट्रीट लाइट विस्तार, ट्यूबवेल निर्माण और पार्कों के विकास से जुड़े प्रस्तावों पर भी मुहर लगने की संभावना है।