"पापा मुझे यहां से ले जाओ, ये लोग मार देंगे": अमरोहा में फोन के कुछ देर बाद विवाहिता की संदिग्ध मौत; 10 लाख दहेज का आरोप
"Papa, take me away from here, these people will kill me"
अमरोहा। 'पापा मुझे यहां से ले जाओ, ये लोग मुझे जान से मार देंगे।' बेटी के फोन के कुछ देर बाद उसकी मृत्यु की सूचना मिलने पर परिवार में चीत्कार मच गया।
मंगलवार देर शाम विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने दहेज के लिए हत्या कर शव को फंदे पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का आरोप ससुरार वालों पर लगाया है। इस दौरान जमकर हंगामा और पुलिस से भी नोंकझोंक हुई।
गजरौला थाना क्षेत्र के गांव खुमावली निवासी बलवीर सिंह ने अपनी 19 वर्षीय बेटी पुष्पेंद्री की शादी गत 13 फरवरी को बागड़पुर छोईया निवासी ओमपाल के साथ की थी।
10 लाख रुपये को लेकर करते थे प्रताड़ित
आरोप है कि शादी में ट्रैक्टर, सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य दान-दहेज देने के बावजूद ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं था। शादी के बाद पति, सास, ससुर और जेठ 10 लाख रुपये की मांग को लेकर पुष्पेंद्री को प्रताड़ित करने लगे।
स्वजन के अनुसार मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे पुष्पेंद्री ने रोते हुए अपने पिता को फोन कर कहा, 'पापा मुझे यहां से ले जाओ, ये लोग मुझे मार देंगे।' पिता ने उसे समझाते हुए अगले दिन आने की बात कही।
बात करने के कुछ देर बाद पुष्पेंद्री की मौत की सूचना मिली
आरोप है कि कुछ देर बाद एक रिश्तेदार महिला ने फोन कर सूचना दी कि पुष्पेंद्री को मारकर फंदे पर लटका दिया गया है। मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे, जहां ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार मिले। गुस्साए स्वजन ने शव उठाने से मना कर दिया। इस दौरान आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पुलिस से तीखी नोकझोंक भी हो गई।
स्थिति को संभालने के लिए थाना पुलिस, फील्ड यूनिट और क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे। काफी समझाने और सख्त कार्रवाई के आश्वासन के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सीओ पंकज कुमार त्यागी ने बताया कि विवाहिता की मृत्यु के मामले में जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर अगली कार्रवाई की जाएगी।