पंचकूला नगर निगम चुनाव में 'वोटर लिस्ट' पर विवाद; कांग्रेस का दावा- वोटों की हेराफेरी की जा रही, 17 हजार से ज्यादा वोट गड़बड़
Panchkula Nagar Nigam Chunav 2026 Congress vs BJP Vote Chori Controversy
Panchkula Nagar Nigam Chunav: पंचकूला नगर निगम चुनाव में वोटिंग से पहले 'वोटर लिस्ट' पर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने आरोप लगाया है कि पंचकूला चुनाव में वोट चोर सरकार द्वारा लोकतंत्र की हत्या की साजिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि बीजेपी अपने असली मॉडल- 'वोट चोरी करो, जनादेश लूटो और लोकतंत्र को बंधक बनाओ' पर काम करने में जुट गई है।
बता दें कि सुरजेवाला ने बकायदा प्रेस वार्ता करते हुए बीजेपी सरकार पर वोटों की गड़बड़ी का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पंचकूला चुनाव में वोटों की हेराफेरी की जा रही है और यह वोटों की चोरी का प्रयास है। सुरजेवाला ने दावा किया कि वोटर लिस्ट में 17 हजार से ज्यादा वोटों की गड़बड़ी की गई है। सुरजेवाला का कहना है कि पंचकूला के 20 वार्डों की वोटर लिस्ट में 8,543 वोट या तो डबल पाये गए हैं या फिर ट्रिपल।
इस तरह कुल 17,086 वोटों का फर्जीवाड़ा सामने आया है। उन्होंने दावा किया कि यह आंकड़ा सीमित संसाधनों में की गई जांच का परिणाम है और वास्तविक संख्या इससे अधिक भी हो सकती है। यानि सुरजेवाला के अनुसार, वोटर लिस्ट में फर्जीवाड़े से जुड़े वोटों की संख्या और ज्यादा भी हो सकती है, जो लोकतंत्र के लिए खतरा है।
चुनाव को प्रभावित करने के लिए हेराफेरी
सुरजेवाला ने बीजेपी को घेरते हुए कहा कि यह सुनियोजित तरीके से किया गया प्रयास है, जिसमें प्रशासनिक तंत्र और सत्ताधारी दल की मिलीभगत हो सकती है। उनका कहना है कि 10 मई 2026 को होने वाला मतदान इसी विवादित वोटर लिस्ट पर आधारित है, जिससे चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। यह हेराफेरी सीधे तौर से चुनाव को प्रभावित करने के लिए की गई है।
सुरजेवाला ने बताया कि कांग्रेस ने इस मामले को लेकर नेताओं ने हरियाणा राज्य चुनाव आयोग और संबंधित रिटर्निंग अधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन के साथ डुप्लीकेट वोटों की सूची भी संलग्न की गई है। कांग्रेस ने मांग की है कि वोटर लिस्ट को तत्काल संशोधित और शुद्ध किया जाए, सभी डुप्लीकेट वोटर हटाए जाएं और वार्डवार साफ सूची सार्वजनिक की जाए। साथ ही पूरे मामले की समयबद्ध जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
वोट चोर सरकार का नया कारनामा,पंचकूला नगर निगम चुनाव 2026 में लोकतंत्र की हत्या की साजिश!
पंचकूला में वोटर लिस्ट की खुली लूट 8,543 वोट डबल या ट्रिपल यानी 17,086 वोट -
भाजपा का असली मॉडल -वोट चोरी करो,जनादेश लूटो और लोकतंत्र को बंधक बनाओ।
प्रेस वार्ता???? https://t.co/fZFwlSBlcA
बीजेपी के श्यामलाल बंसल और सुधा भारद्वाज में मुक़ाबला
गौरतलब है कि इस बार बीजेपी ने श्यामलाल बंसल को पंचकूला से मेयर उम्मीदवार घोषित किया है। इसी के साथ कांग्रेस ने सुधा भारद्वाज को मेयर उम्मीदवार बनाया है। जबकि आम आदमी पार्टी ने राजेश कुमार और इनेलो ने मनोज अग्रवाल को मेयर उम्मीदवार बनाया है। लेकिन इस बार पंचकूला मेयर सीट पर बीजेपी की कांग्रेस के साथ कांटे की टक्कर देखने को मिलने वाली है। कुछ वार्ड सीटें भी ऐसी हैं जहां पर मामला फँसता हुआ दिख रहा है और मुक़ाबला दिलचस्प हो गया है।
मेयर पद के लिए 6 उम्मीदवार मैदान में
पंचकूला नगर निगम चुनाव 2026 के तहत नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) और नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मेयर पद के लिए 6 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। यानि मेयर पद के लिए कुल 6 प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे। इनमें बीजेपी उम्मीदवार श्यामलाल बंसल और काँग्रेस उम्मीदवार सुधा भारद्वाज के अलावा इनेलो के मनोज अग्रवाल, आम आदमी पार्टी के राजेश कुमार और आजाद उम्मीदवार के तौर पर करनैल सिंह बांगड और चौधरी चंदन सिंह शामिल हैं। इसके अलावा पार्षद पद के लिए 87 उम्मीदवार मैदान में उतरे हुए हैं।
10 मई को होनी है वोटिंग
ज्ञात रहे कि हरियाणा राज्य चुनाव आयोग ने बीते 13 अप्रैल को पंचकूला समेत 3 नगर निगमों, 1 नगर परिषद और 3 नगर पालिकाओं के लिए चुनाव की घोषणा की थी। साथ ही 528 खाली पंचायती सीटों पर उपचुनाव का ऐलान भी किया गया था। पंचकूला में नगर निगम चुनाव कराने के साथ अंबाला-सोनीपत में भी नगर निगम चुनाव कराया जाना है। जबकि नगर परिषद रेवाड़ी, नगरपालिका सांपला, नगरपपालिका उकलाना और नगरपालिका धारुखेड़ा के लिए वोटिंग कराई जाएगी।
पंचकूला, सोनीपत और अंबाला नगर निगम के मेयर और सभी वार्ड सदस्यों व नगर परिषद रेवाड़ी, नगरपालिका सांपला, नगरपालिका उकलाना और नगरपालिका धारुखेड़ा के अध्यक्षों और सभी वार्डों के सदस्यों के चुनाव के लिए 10 मई को सुबह 8 बजे से 6 बजे तक वोटिंग होगी और 13 मई को वोटों की गिनती के बाद रिजल्ट जारी किया जाएगा। यानि 13 मई को उम्मीदवारों की हार-जीत तय हो जाएगी और यह पता चल जाएगा की किसकी क़िस्मत चमकी है और किसके हाथ मायूसी लगी है.