पंचकूला में मंदिर के अंदर शख्स पर अचानक हमला; अपने ही भाई ने क्रिकेट बैट से मारा, CCTV में कैद घटना का वीडियो वायरल
Panchkula Mandir Attack Incident Shocking Video Viral
Panchkula Mandir Incident: लोग अब भगवान के मंदिर में भी रंजिश निकालने से पीछे नहीं हट रहे। पंचकूला के सेक्टर-9 स्थित एक मंदिर से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। मंदिर में माथा टेकने आए एक शख्स पर अचानक क्रिकेट बैट से हमला किया गया। इस हमले से मंदिर में आए हुए और श्रद्धालुओं में भी हड़कंप मच गया। मंदिर पुजारी और श्रद्धालुओं ने बीच-बचाव करने की कोशिश भी की। हमले और हाथापाई की पूरी घटना CCTV में कैद हुई है। घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने इस घटना का संज्ञान लिया है और आगामी कार्रवाई की जा रही है। वहीं हमले में घायल शख्स का इलाज चल रहा है।
अपने ही छोटे भाई ने क्रिकेट बैट से मारा
बताया जाता है कि जिस आरोपी शख्स ने मंदिर में माथा टेकने आए शख्स पर हमला किया, वह कोई और नहीं बल्कि पीड़ित का अपना छोटा भाई ही है। जिसकी पहचान अमित गुप्ता के तौर पर हुई है। वहीं पीड़ित शख्स की पहचान कमल मोहन के रूप में हुई है। घटना को लेकर पंचकूला पुलिस ने बताया कि ये पूरा मामला दोनों भाइयों के बीच संपत्ति विवाद का है, एक मकान को लेकर इनका आपस में झगड़ा चल रहा है। यह मकान अभी आरोपी अमित गुप्ता के नाम पर है। कमल मोहन ने मकान को लेकर सिविल कोर्ट में मुकदमा दायर किया था। जो वह हार गया था।
पुलिस ने आगे बताया कि अब कोमल मोहन ने मकान विवाद पर सेशन कोर्ट में अपील दायर कर रखी है। इसी बात को लेकर दोनों में मंदिर के बाहर पहले मतभेद हुआ था। इसके बाद कमल मोहन मंदिर के अंदर माथा टेकने आ गया। जहां कुछ देर बाद पीछे से आरोपी अमित गुप्ता भी क्रिकेट बैट लेकर अंदर आ पहुंचा और आते ही अचानक कमल मोहन पर हमला कर दिया। इसके बाद दोनों में हाथापाई भी हुई।
माता-पिता ने 1985 में ये मकान खरीदा था
पुलिस ने बताया कि 1985 में ये मकान इनके माता-पिता खरीदा था। तब माता-पिता के नाम पर 50-50% की हिस्सेदारी थी। इसके बाद 1998 में जब इनके पिता की डेथ हो गई तो मकान पूरी तरह से माता के नाम आ गया। इसके बाद माता ने 2011 में वो मकान अपने सबसे छोटे बेटे अमित गुप्ता के नाम कर दिया। जबकि कमल मोहन 2005 से इस घर को छोड़कर जा चुका है और तबसे अमरावती में अलग मकान में रहता है। पुलिस ने कहा कि आरोपी भाई को हमला कर चोट पहुंचाने के आरोप में हिरासत में लिया जा रहा है और कार्रवाई की जाएगी।