गांवों के विकास को नई दिशा देगा ‘पंचायत एडवांसमेंट इंडेक्स’, SDGs पर फोकस
- By Gaurav --
- Thursday, 07 May, 2026
Panchayat Advancement Index
पंचायत विकास योजनाओं को अधिक प्रभावी और वैज्ञानिक बनाने की दिशा में भारत सरकार ने पंचायत एडवांसमेंट इंडेक्स (PAI) को प्रमुख संकेतक के रूप में लागू करने की तैयारी तेज कर दी है। इसका उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) को गांव-गांव तक पहुंचाकर जमीनी स्तर पर विकास सुनिश्चित करना है।
यह जानकारी हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने नई दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला से लौटने के बाद दी। उन्होंने बताया कि पंचायती राज मंत्रालय द्वारा डॉ. अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में आयोजित इस कार्यशाला में देशभर के वरिष्ठ अधिकारी, नीति-निर्माता, विषय विशेषज्ञ और विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
कार्यशाला में ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) को अधिक प्रभावी बनाने, पंचायत स्तर पर विकास की गुणवत्ता सुधारने और सोलहवें वित्त आयोग की सिफारिशों के अनुरूप योजनाएं तैयार करने पर विस्तृत चर्चा हुई।
डॉ. चौहान के अनुसार पंचायत एडवांसमेंट इंडेक्स एक वैज्ञानिक और समग्र मूल्यांकन प्रणाली है, जिसके माध्यम से ग्राम पंचायतों के सामाजिक, आर्थिक, पर्यावरणीय और प्रशासनिक विकास का आकलन किया जाएगा। इससे यह पता लगाया जा सकेगा कि कौन-सी पंचायत किस स्तर पर विकास कर रही है और किन क्षेत्रों में सुधार की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि इस इंडेक्स का मुख्य उद्देश्य सतत विकास लक्ष्यों को स्थानीय स्तर पर लागू करना है। यदि ग्राम पंचायतों की योजनाएं SDGs के अनुरूप तैयार होंगी, तभी संतुलित और समग्र ग्रामीण विकास संभव हो सकेगा।