पाकिस्तान में जेल तोड़कर भागे 200 से ज्यादा कैदी; कराची में भीषण खूनी झड़प, गोलीबारी में कईयों की मौत, भूकंप का फायदा उठाया
 
                        Pakistan Biggest Jail Break Incident Karachi Video News Update
Pakistan Jail Break: पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान को उसके अपने ही तबाह किए हुए हैं। अब खबर आ रही है कि सोमवार देर रात कराची की मलीर जिला जेल से बड़ी संख्या में कैदी फरार हो गए हैं। जेल तोड़कर भागे कैदियों की संख्या 200 से ज्यादा बताई जा रही है। कैदियों ने समूहिक रूप से जेल ब्रेक की। वहीं कैदियों के भागने पर जब हालात बेकाबू हुए तो पुलिस और पाकिस्तानी रेंजर्स ने रोकने की कोशिश की। इस दौरान मलीर जेल के अंदर और बाहर व आसपास गोलीबारी भी की गई।
कैदियों और पुलिस में भीषण खूनी झड़प
इस पूरे घटनाक्रम में पाकिस्तान की मलीर जिला जेल में कैदियों और पुलिस में भीषण खूनी झड़प हुई है। जिसमें कईयों की मौत की खबर सामने आ रही है। मरने वालों की संख्या 20 से ज्यादा बताई जा रही है। जेल तोड़कर भागे कैदियों में कई खूंखार कैदी भी थे। जो जेल में उम्रक़ैद की सजा काट रहे थे। जेल से भागने के बाद कई कैदियों के वीडियो भी सामने आए हैं। एक वीडियो में जेल से भागता हुआ एक कैदी कह रहा है कि मैं ढाई साल से जेल में था।
कैदियों ने भूकंप का फायदा उठाया
रिपोर्ट्स में यह जानकारी मिल रही है कि, कैदियों ने भूकंप का फायदा उठाया। दरअसल, पाकिस्तान में आए भूकंप के झटकों से मलीर जिला की दीवारों में दरारें आईं। जिसके बाद कैदियों ने सामूहिक रूप से क्षतिग्रस्त संरचनाओं को तहस-नहस कर दिया और इस तरह जेल तोड़कर भागने में सफल हो गए। फिलहाल, इस घटना के बाद पूरे कराची में हालात बिगड़ गए हैं। गोलीबारी से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई है।
कैदियों को पकड़ने के लिए आसपास के ट्रैफिक को बंद कर दिया गया है। पुलिस और पाकिस्तानी रेंजर्स ने भागे कैदियों की तलाश तेज कर दी है। पुलिस ने अलग-अलग इलाकों में बैरिकेड्स लगा दिए हैं। इस पूरे घटनाक्रम के कई सारे वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। उनमें देखा जा रहा है कि, मलीर जिला जेल के पास भारी अफरा-तफरी और ऐंबुलेंस की कई गाड़ियां दौड़ती हुई नजर आ रहीं हैं।
 
                                 
                                 
                                 
                                 
                                 
                                 
                                